वारासिवनी के रजेगांव में दर्दनाक ट्रेन हादसा

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत आलेझरी के रजेगांव में शनिवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक हादसा सामने आया है। यहाँ वारासिवनी बालाघाट रेलवे ट्रैक पर सुबह.सुबह ट्रेन की चपेट में आने से एक ३५ वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त जितेंद्र पिता अमरलाल सरोते ३५ वर्ष निवासी वार्ड नंबर १४ रजेगांव के रूप में हुई है।

बालाघाट से वारासिवनी जा रही ट्रेन से हुई दुर्घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेंद्र सरोते का मानसिक संतुलन कुछ ठीक नहीं रहता था और उसे कम सुनाई भी देता था। शनिवार की सुबह करीब ५.३० से ६ बजे के बीच वह घर से शौच के लिए रेलवे ट्रेक के पास स्थित खेतों की ओर निकला था। इसी दौरान वह बालाघाट से वारासिवनी की तरफ जा रही तिरोड़ी यात्री ट्रेन सुबह करीब ५.५५ बजे चपेट में आ गया। ट्रेन की गति तेज होने के कारण युवक को संभलने का मौका नहीं मिला और पटरी पर कटने से उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सुबह सुबह रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की खबर पूरे रजेगांव और आलेझरी क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। उपस्थित लोगों ने तुरंत डायल ११२ पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही वारासिवनी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने वहां उपस्थित लोगों और परिजनों की मौजूदगी में शव की शिनाख्त की औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर उसे तुरंत सिविल अस्पताल परिसर स्थित शव विच्छेदन गृह भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम के द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए रोते बिलखते परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वारासिवनी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत मर्ग जांच प्रारंभ कर दी है।

मृतक मेरा भाई हैं जिसकी ट्रेन दुर्घटना में मौत हुई है-सुनील सरोते

सुनील सरोते ने पुलिस को बताया कि वह रजेगांव के वार्ड नंबर १४ में रहता है और मजदूरी का काम करता है। जितेंद्र उसके बड़े पिताजी का लडक़ा था शनिवार सुबह करीब ६ बजे मुझे आस पड़ोस के लोगों ने आकर सूचना दी कि रजेगांव में ईश्वरदास के खेत के पास रेलवे पटरी पर एक व्यक्ति कट गया है। जब मैंने मौके पर जाकर देखा तो पटरी के बीच में मेरे बड़े भाई जितेंद्र सरोते का शव क्षत विक्षत और चित अवस्था में पड़ा हुआ था। ट्रेन की टक्कर इतनी भयानक थी कि उनका बांया हाथ और बांया पैर टूट चुका था दाएं पैर के पंजे में गहरी चोट थी और सिर पर भी गंभीर घाव थे।

इनका कहना हैं

दूरभाष पर चर्चा में बताया कि रजेगांव रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना थाने में मिली थी। मौके पर शिनाख्त जितेंद्र पिता अमरलाल सरोते उम्र ३५ वर्ष रजेगांव निवासी की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने बताया कि इसका मानसिक संतुलन बिगड़ा था और सुनता कम था शौच करने के लिए घर से निकला था। बालाघाट से वारासिवनी जा रही ट्रेन से या हादसा हुआ है मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here