शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र में घर के दरवाजे पर बैठे कुत्ते को बुजुर्ग ने लाठी मार दी। पड़ोस की महिला ने इसका विरोध किया तो बुजुर्ग ने उसे भी चांटा जड़ दिया। इससे आक्रोशित पड़ोसी दंपती ने बुजुर्ग को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। उपचार के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपित दंपती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबिक उसका पति फरार है। वारदात बुधवार रात की है। वहीं हत्या की धराओं में इजाफा गुरुवार को किया गया है। कुत्ता दौड़ते हुए घर पहुंचा और कराहने लगा
जानकारी के अनुसार पुरानी शिवपुरी के इमामबाड़ा कोरी गली निवासी 60 वर्षीय जफीर अहमद नमाज पढ़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले आसिफ खान का कुत्ता उनके दरवाजे पर आकर बैठ गया। इस पर जफीर ने कुत्ते को लाठी मारकर भगा दिया। कुत्ता दौड़ते हुए घर पहुंचा और कराहने लगा। इस पर आसिफ की पत्नी साहिदा खान नाराज हो गईं और बुजुर्ग जफीर से मुंहवाद करने लगी।










































