पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग १० किमी दूर ग्राम पंचायत मोहगांव (ध) में इन दिनों विकास के नाम पर विकास कार्य को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। नल-जल योजना के तहत पंचायत क्षेत्र में नई पाइपलाइन बिछाने के कार्य में तकनीकी मापदंडों को पूरी तरह दरकिनार कर दिया गया है। हजारों रूपये की पाइपलाइन डालने के लिए लाखों-करोड़ों की लागत से बनी पक्की सीसी सडक़ों को बीच से ही जेसीबी मशीन से खोदकर बदहाल कर दिया गया है। साथ ही बारिश होने से सडक़ में कीचड़ एवं मलबे व सडक़ के बीच में गड्डा हो जाने से आवागमन करने वालों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीएचई विभाग के ठेकेदार द्वारा पुरानी व खराब हो चुकी पाइपलाइन को बदलने का कार्य किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को पर्याप्त पानी मिल सके। योजना तो अच्छी है, लेकिन इसे अमलीजामा पहनाने का तरीका बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। सडक़ के बीचों-बीच और किनारों पर गहरी खुदाई कर पाइपलाइन तो डाल दी गई, लेकिन उसे वापस समतल नहीं किया गया। कार्य पूरा होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा सडक़ों की मरम्मत नहीं करवाई गई है। जिससे ग्रामीणजनों एवं राहगीरों में आवागमन करने में बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश ने बढ़ाई आफत, राहगीर हो रहे दुर्घटना का शिकार
वर्तमान में हो रही बारिश के कारण खोदी गई सडक़ों पर भारी कीचड़ हो गया है। सडक़ कट जाने से इस मुख्य मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों और राहगीरों का परेशानी हो रही है और सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। जो आये दिन इन छिपे हुए गड्डों और फिसलन के कारण दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। लाखों-करोड़ों रूपयों की लागत से बनी प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ एवं बस्ती क्षेत्र की सीसी सडक़ को पाइपलाइन बिछाने के लिए खुदाई करने से खराब हो रही है। लेकिन कार्य के साथ-साथ गड्डों का समतल नही किया जा रहा है, गड्डे वैसे ही छोड़ दिये जा रहे है जिससे ग्रामीणजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और पीएचई विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर कोई ध्यान नही दे रहे है जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच करवाई जाये, लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कार्यवाही करने, क्षतिग्रस्त सडक़ों की तत्काल मरम्मत करवाकर इसे गुणवत्तापूर्ण कार्य करवाने की मांग की है।
बाईट १ मनोज बनोटे ग्रामीण।
२ विवेक सिहोरे – राहगीर।










































