आज चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदल सकता है बंगाल की खाड़ी का डीप डिप्रेशन, जानें यह नाम कहां से आया और इसका मतलब

0

Cyclone Akvan Update: बंगाल की खाड़ी का डीप डिप्रेशन आज शाम तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके 19 नवंबर तक इसके बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसका नाम अकवान हो सकता है। चलिए जानते हैं कहां से आया ये नाम और इसका मतलब क्या होता है।

Cyclone Akvan Update: बंगाल की खाड़ी में एक के बाद एक चक्रवाती तूफानों के आने का सिलसिला जारी है। पहले 27 अक्टूबर 2026 को अर्णब तूफान के चलते बांग्लादेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी नुकसान हुआ। फिर 3 नवंबर 2026 को आए मुरासु चक्रवात ने आंध्र प्रदेश के तट पर दस्तक दी। अब बंगाल की खाड़ी में एक और संभावित तूफान उठ खड़ा हुआ है। खाड़ी में अभी गहरा दबाव (Deep Depression) बना हुआ है, जिसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना काफी ज्यादा बढ़ गई है। भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज यानी सोमवार 16 नवंबर की शाम तक यह सिस्टम चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके बाद मंगलवार 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) में बदलने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 नवंबर की रात तक यह अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान (Very Severe Cyclonic Storm) बनकर आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंच सकता है। इस संभावित तूफान को ‘अकवान’ (Akvan) नाम दिया जाएगा। फिलहाल यह सिस्टम दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना हुआ है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार यह 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आंध्र प्रदेश के तट की तरफ आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है। इस संभावित चक्रवात के चलते समुद्र में हलचल बढ़ने की आशंका है।

630 किलोमीटर दूर है सिस्टम

IMD के 16 नवंबर सुबह 11:42 बजे के सोशल मीडिया पोस्ट के मुताबिक, डीप डिप्रेशन पिछले छह घंटों में 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा। सुबह 8.30 बजे यह श्रीलंका के त्रिंकोमाली से लगभग 630 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व, चेन्नई से 700 किलोमीटर पूर्व-दक्षिणपूर्व और विशाखापत्तनम से 800 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व में केंद्रित था।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 नवंबर की शाम तक यह चक्रवाती तूफान बन सकता है। 17 नवंबर की शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद इसकी तीव्रता और बढ़ सकती है। 19 नवंबर की रात तक आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने के दौरान यह अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है।

लगातार ताकत बढ़ा रहा संभावित तूफान

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, इस सिस्टम की ताकत लगातार बढ़ेगी। 17 नवंबर की शाम तक हवा की अधिकतम रफ्तार 90-100 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 18 नवंबर को हवा की रफ्तार 105-115 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।

19 नवंबर की शाम तक यह 115-125 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ सकता है। इस दौरान हवा के झोंके 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है। 20 नवंबर की सुबह भी इसकी रफ्तार 120-130 किलोमीटर प्रति घंटा और झोंकों की रफ्तार 145 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है। हालांकि, तूफान की वास्तविक दिशा और तीव्रता में बदलाव भी संभव है।

आंध्र प्रदेश से ओडिशा तक भारी बारिश का अलर्ट

इस सिस्टम के असर से दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी।

  • आंध्र प्रदेश : 19 और 20 नवंबर को तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश की आशंका है।
  • तमिलनाडु और पुडुचेरी : 18 और 19 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
  • ओडिशा : 19 से 21 नवंबर के बीच कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
  • पश्चिम बंगाल : 19 और 20 नवंबर को गंगा के मैदानी इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इसके अलावा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 16 से 19 नवंबर तक व्यापक बारिश की संभावना है। समुद्र में भी स्थिति खराब रह सकती है।

ओडिशा में अलर्ट, मछुआरों को समुद्र से लौटने की सलाह

संभावित चक्रवाती तूफान को देखते हुए ओडिशा सरकार ने तटीय और दक्षिणी जिलों को अलर्ट पर रखा है। सभी जिलों में 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करने और NDRF, ODRAF तथा दमकल विभाग की टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

गंजाम जिला प्रशासन ने किसानों को 18 और 19 नवंबर की संभावित बारिश से पहले फसल काटने की सलाह दी है। मछुआरों को आज समुद्र से वापस लौटने को कहा गया है। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों और चक्रवात आश्रय स्थलों में पहुंचाने की तैयारी की है। गर्भवती महिलाओं और पशुओं की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।

कहां से आया ‘अकवान’ नाम, किस देश ने रखा?

इस संभावित चक्रवाती तूफान का नाम अकवान हो सकता है, जो ईरान ने दिया है। यह नाम विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) और संयुक्त राष्ट्र के एशिया एवं प्रशांत आर्थिक और सामाजिक आयोग (UNESCAP) के क्षेत्रीय नामकरण सिस्टम की सूची में शामिल है। बता दें कि अकवान का संबंध फारसी साहित्य और पौराणिक कथाओं से जुड़ा बताया जाता है। यह फारसी महाकाव्य ‘शाहनामा’ के अकवान-ए-दीव नामक एक मायावी राक्षसी पात्र से जुड़ा है। इस कथा में उसका सामना प्रसिद्ध योद्धा रुस्तम से होता है। हालांकि, आधिकारिक चक्रवात नामकरण सूची में अकवान का कोई निश्चित अंग्रेजी अर्थ नहीं दिया गया है। हालांकि, इसका मतलब बुरी सोच, दुष्ट बुद्धि या असुर से लगाया जाता है।

ये भी पढ़ें – MLA ने मंच से पूछा ‘इस्तीफा दे दूं?’ जनता से आया जवाब दे दो.. दे दो, देखें Video

कैसे रखा जाता है चक्रवातों का नाम?

बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बनने वाले चक्रवातों के नामकरण के लिए 13 देशों की सूची तैयार की गई है। इसमें भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, ईरान, मालदीव, म्यांमार, ओमान, कतर, सऊदी अरब, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं।

ये भी पढ़ें – Gurugram News: शहर में चल रहे धर्मांतरण के खेल का भंडाफोड़

इस लिस्ट के लिए हर देश ने 13 नाम दिए हैं। इनका इस्तेमाल पहले से तय क्रम में किया जाता है। जब किसी मौसमी सिस्टम की अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 34 नॉट यानी करीब 62 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचती है, तब उसे चक्रवात का नाम दिया जाता है। नाम रखने का उद्देश्य मौसम संबंधी चेतावनियों को आम लोगों और प्रशासन तक आसानी से पहुंचाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here