धर्मशाला: आईपीएल 2026 के 61वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के सामने आरसीबी की टीम है। दोनों टीमों की टक्कर धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हो रहा है। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस मैच में टॉस जीतक पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पंजाब की टीम सीजन के पहले हाफ में अजेय थी। टीम को अपने शुरुआती 7 मैचों में एक भी हार नहीं मिली थी।
श्रेयर अय्यर की कप्तानी में 100वां मैच
आईपीएल में यह श्रेयस अय्यर का कप्तान के रूप में 100वां मैच है। 31 साल के अय्यर ने 2018 में पहली बार लीग में कप्तानी की थी। गौतम गंभीर ने खराब फॉर्म की वजह से दिल्ली की कप्तानी छोड़ी थी। उनकी जगह 23 साल के श्रेयस अय्यर को कप्तानी मिली थी। 2019 में दिल्ली 7 साल बाद प्लेऑफ में पहुंची तो 2020 में पहली बार अय्यर की कप्तानी में ही फाइनल तक का सफर तय किया।
केकेआर को 2024 में चैंपियन बनाया
2022 में श्रेयस केकेआर पहुंचे। उस सीजन केकेआर का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। 2023 में अय्यर इंजरी की वजह से नहीं खेल पाए। 2024 में उनकी कप्तानी में केकेआर ने आईपीएल का खिताब जीता। 2025 में वह पंजाब किंग्स पहुंचे और टीम को फाइनल तक पहुंचा दिया। अभी तक 99 मुकाबलों में अय्यर को कप्तान के रूप में 56 जीत मिली है। इसमें दो जीत सुपर ओवर की है। वहीं उन्हें 40 हार मिली है। अय्यर का लीग में यह ओवरऑल 146वां मैच है।
100 मैचों में कप्तानी करने वाले 5 खिलाड़ी श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर आईपीएल में 100 मैचों में कप्तानी करने वाले 5वें खिलाड़ी बन गए हैं। सबसे पहले महेंद्र सिंह धोनी ने 100 मैचों में कप्तानी की थी। सबसे ज्यादा 235 मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड भी धोनी के नाम ही है। उनके अलावा रोहित शर्मा (158), विराट कोहली (143) और गौतम गंभीर (129) भी 100 से ज्यादा मैचों में कप्तानी कर चुके हैं। इसमें सिर्फ विराट कोहली के पास ही कप्तान के रूप में ट्रॉफी नहीं है। इन सभी में महेंद्र सिंह धोनी के बाद श्रेयस अय्यर का विनिंग प्रतिशत सबसे अच्छा है।
सबसे ज्यादा आईपीएल मैचों में कप्तानी
- महेंद्र सिंह धोनी- 235 (सीएसके और आरपीएस)
- रोहित शर्मा- 158 (मुंबई इंडियंस)
- विराट कोहली- 143 (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु)
- गौतम गंभीर- 129 (केकेआर और दिल्ली कैपिटल्स )
- श्रेयस अय्यर- 100 (डीसी, केकेआर और पंजाब किंग्स)










































