नई दिल्ली: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने केकेआर के खिलाफ कमाल की बैटिंग की। ओपनिंग बैटिंग करने उतरे गिल के बल्ले से 49 गेंदों पर 85 रनों की पारी निकली। इस पारी में 5 चौकों के अलावा 7 छक्के थे। हालांकि उनकी पारी से गुजरात टाइटंस को जीत तो नहीं मिली लेकिन गिल बड़ा कारनामा कर गए। 247 रनों के जवाब में गुजरात की टीम 218 रन ही बना पाई। हालांकि इस दौरान गिल ने इस सीजन अपने 500 रन पूरे कर लिए।
गिल ने लगातार दूसरे सीजन 500 रन ठोके
आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के लिए शुभमन गिल के बल्ले से 15 मैचों में 650 रन निकले थे। इस सीजन अभी तक 12 मैचों में वह खेले हैं और 552 रन बना चुके हैं। शुभमन गिल आईपीएल इतिहास के 5वें कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने लगातार दो या उससे ज्यादा सीजन में 500 रनों का आंकड़ा पार किया। सबसे पहले सचिन तेंदुलकर ने ऐसा किया था। उन्होंने 2010 और 2011 सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए 500+ रन बनाए थे।










































