Unauthorized access to bank account: आज के डिजिटल दौर में मोबाइल बैंकिंग (Mobile Banking) ने हमारी जिंदगी को काफी आसान बना दिया है, लेकिन इसके साथ जोखिम भी बढ़ गए हैं। कई बार ऐसा होता है कि आपका बैंक अकाउंट (Bank Account) किसी दूसरे डिवाइस से एक्सेस हो रहा होता है और आपको इसकी जानकारी भी नहीं होती। इसलिए समय-समय पर बैंक अकाउंट की जांच करने की सलाह दी जाती है। आपके मोबाइल बैंकिंग का कोई और इस्तेमाल कर रहा है या नहीं इसका पता कुछ संकेतों के साथ लगाया जा सकता है-
सबसे पहले समझना जरूरी है कि हर बार अनधिकृत लॉग-इन (Unauthorised Login) पर आपको अलर्ट मिले, ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार कोई दूसरा डिवाइस चुपचाप आपके अकाउंट में लॉग-इन कर सकता है और हो सकता है कि आपको इसकी भनक भी न लगे।
बैंकिंग ऐप को करें चेक
अगर आपको शक है कि आपका अकाउंट किसी और डिवाइस से एक्सेस हो रहा है तो सबसे पहले अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप में जाकर “Security Settings”, “Manage Devices” या “Login Activity” जैसे सेक्शन को चेक करना चाहिए। यहां आपको यह जानकारी मिल जाती है कि आपका अकाउंट किन-किन डिवाइस से और कब एक्सेस हुआ है।
जांच करते समय आपको कुछ खास बातों पर ध्यान जरूर देना चाहिए। जैसे कोई अनजान डिवाइस, अजीब लोकेशन, या ऐसा समय जब आपने खुद ऐप इस्तेमाल नहीं किया हो। ये सभी संकेत हो सकते हैं कि कोई और आपके अकाउंट तक पहुंच बना चुका है और इसका इस्तेमाल भी कर रहा है।
छोटे संकेतों को न करें नजरअंदाज
इसके अलावा, कुछ छोटे संकेत भी नजरअंदाज नहीं करने चाहिए। जैसे ऐप का बार-बार अपने आप लॉग-आउट होना, ऐप का धीमा चलना या बार-बार डिवाइस वेरिफिकेशन मैसेज आना। ये संकेत बताते हैं कि कुछ गड़बड़ हो सकती है।
तुरंत बदलें अकाउंट का पासवर्ड
अगर आपको कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आती है, तो तुरंत एक्शन लेना जरूरी है। सबसे पहले सभी डिवाइस से लॉग-आउट करें, अपना पासवर्ड और PIN बदलें और किसी भी अनजान डिवाइस को हटा दें। साथ ही तुरंत अपने बैंक को भी इसकी जानकारी दें ताकि आगे का जोखिम कम किया जा सके।
विशेषज्ञों के अनुसार, समय-समय पर अपने अकाउंट की मैन्युअल जांच करना बहुत जरूरी है। क्योंकि कई बार धोखाधड़ी धीरे-धीरे होती है और शुरुआत में कोई बड़ा नुकसान नहीं दिखता।









































