पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। खैरलांजी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत मुरझड़ से गर्राबोडी मार्ग पर इन दिनों दहशत का आलम है। मंगलवार की सुबह करीब ९ बजे राहगीरों का सामना साक्षात मौत से उस वक्त हुआ जब एक विशालकाय बाघ जंगल के बीचों बीच मुख्य सडक़ पर आ धमका। बाघ की इस चहलकदमी से मार्ग के दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए और लोगों में अफ रा तफ री मच गई।
आधे घंटे तक सडक़ पर राहगीरों की थमी सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ जंगल से निकलकर अचानक सडक़ के मध्य आ गया। बाघ को देखते ही दुपहिया वाहन चालक अपनी गाडिय़ां छोडक़र पीछे की ओर भागे। वहीं चार पहिया वाहनों में सवार लोग अंदर ही दुबक गए। बाघ करीब आधा घंटे तक सडक़ और उसके किनारे बेखौफ होकर टहलता रहा। इस दौरान कुछ साहसी राहगीरों ने अपने वाहनों के अंदर से इस दुर्लभ लेकिन डरावने दृश्य का वीडियो भी बनाया जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
बैल के शिकार के बाद उसी इलाके में सक्रिय है बाघ
क्षेत्रीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरी चिंता है कि बाघ इसी इलाके को अपना ठिकाना बना चुका है। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पूर्व ही बाघ ने क्षेत्र में एक बैल का शिकार किया था। वन्यजीव विशेषज्ञों और ग्रामीणों का मानना है कि शिकार करने के बाद बाघ अक्सर अपने भोजन की उपलब्धता के कारण उसी परिधि में घूमता रहता है। मंगलवार सुबह ढोडी के पास बाघ का दिखना इस बात की पुष्टि करता है कि वह अभी भी मुरझड़ और आसपास के जंगलों में सक्रिय है।
दहशत में ग्रामीण आवागमन हुआ प्रभावित
बाघ की लगातार बढ़ती सक्रियता ने राहगीरों और आसपास के किसानों की नींद उड़ा दी है। मुरझड, गर्राबोडी क्षेत्र के ग्रामीण अब खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं। यह मार्ग घने जंगल से गुजरता है जहाँ से हर दिन सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि किसी अप्रिय जनहानि को रोका जा सके। फि लहाल क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को देखते हुए लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे इस मार्ग पर अकेले सफर ना करें और विशेषकर सुबह एवं शाम के वक्त समूह में ही निकलें। बाघ की हलचल ने पूरे खैरलांजी क्षेत्र में कौतूहल और डर का माहौल पैदा कर दिया है।
इनका कहना हैं
दूरभाष पर चर्चा में बताया कि डर का कोई विषय नहीं है यह जंगल का क्षेत्र है जहां पर बाघ भ्रमण कर रहा है। हमारे द्वारा लगातार निगरानी कर हर मूवमेंट पर हम ध्यान दे रहे हैं। अभी तक सडक़ पर आया नहीं था परंतु आज वह सडक़ क्रॉस कर रहा था तभी अचानक कुछ लोगों ने देख लिया। तो वह वीडियो बनाकर वायरल कर रहे हैं जबकि यह जंगल क्षेत्र है हम सक्रिय रूप से निगरानी बनाए रखे हैं।










































