जय स्तंभ चौक पर ट्रक की टक्कर से ७३ वर्षीय बुजुर्ग की मौत

0

सुबह टहलने निकले गोपाल बुरड़े को ट्रक ने मारी टक्कर, नागपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के जय स्तंभ चौक पर गुरुवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से ७३ वर्षीय बुजुर्ग गोपाल बुरड़े की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल गोपाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नागपुर रिफर किया गया था लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा लिया गया है।

जय स्तंभ चौक पर हुआ दर्दनाक हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक ११ के हैदराबाद मोहल्ला निवासी गोपाल बुरड़े उम्र ७३ वर्ष प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह करीब ६ बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान वे जय स्तंभ चौक पहुंचे जहां लालबर्रा की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी ०८ एएक्स ५५२९ ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका पैर ट्रक के पहिये की चपेट में आ गया। घटना के बाद घायल गोपाल को तत्काल संजीवनी १०८ एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल वारासिवनी पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नागपुर रिफर कर दिया गया। परिजन संजीवनी १०८ एंबुलेंस से उन्हें नागपुर लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस सिविल अस्पताल वारासिवनी लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर वारासिवनी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही की। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा लिया है। मामले में मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

नागपुर ले जाते समय रास्ते में पिताजी की मौत हो गई -मनीष बुरड़े

मनीष बुरडे ने पुलिस को बताया की मैं वार्ड नं.९ में रहता हूँ वारासिवनी में कपडे की दुकान चलाता हैं। मेरे पिताजी गोपाल बुरडे पिता गणेश बरडे जाति कोष्टी उम्र ७३ वर्ष वार्ड नं.११ में बडे भाई विनोद बुरडे के साथ रहते है। २२ अक्टूबर की सुबह ७.१५ बजे के बीच मेरे पिताजी गोपाल बुरडे बस स्टेण्ड से जय स्तंभ की और पैदल जा रहे थे । तभी जय स्तंभ चौंक की गोलाई में बालाघाट की तरफ से आ रहे ट्रक क्रमांक सीजी ०८ ए एक्स ५५२९ के चालक ने तेज गति लापरवाही पूर्वक खतरनाक तरीके से चलाकर लाया और मेरे पिताजी को सामने से ठोस मार दिया जिससे मेरे पिताजी ट्रक के ड्रायवर साईड के दूसरे चक्के के नीचे में आ गये । जिससे उनके पैर दब गया था जिन्हे १०८ एम्बुलेंस से अस्पताल वारासिवनी से जाकर भर्ती किये थे वहाँ से उन्हें डॉक्टर साहब द्वारा रिफ र करने पर नागपुर लेकर जा रहे थे । जो रास्ते में मेरे पिताजी की मौत हो गई जिन्हें वापस सिविल अस्पताल वारासिवनी लेकर आये है।

इनका कहना हैं

थाने में सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर उपस्थित होकर ट्रक को थाने में खड़ा कराया गया। वहीं घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था जिसमें दुर्घटना भी कायम कर दी गई थी। बाद में सूचना मिली घायल की मौत होने की तो आवश्यक शव पंचनामा कार्यवाही करने के उपरांत मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।

विनोद कुमरे प्रधान आरक्षक थाना वारासिवनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here