लालबर्रा क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से ऑयल चुराने वाला गिरोह सक्रिय,

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों बिजली विभाग के ट्रांसफार्मरों से ऑयल (तेल) चोरी करने वाला एक शातिर गिरोह सक्रिय हो गया है। चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे आये दिन विभिन्न इलाकों में लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बना रहे हैं और भारी मात्रा में कीमती ऑयल चोरी कर रफूचक्कर हो रहे हैं। विद्युत वितरण केंद्र अमोली के अंतर्गत आने वाले ग्रामों से करीब एक माह के अंदर लालबर्रा क्षेत्र के १५ से अधिक ट्रांसफार्मरों से अज्ञात चोर ऑयल चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। गत दिवस दरमियानी रात में अज्ञात चोरों ने पाथरशाही के हाईवे मार्ग किनारे स्थित ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। इसी तरह साल्हेभर्री, बगदेही एवं अन्य ग्रामों में भी ट्रांसफार्मरों से ऑयल (तेल) चोरी कर चोर फरार हो गये। तेल चोरी होने से उक्त क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। बिजली गुल रहने से ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी के बीच अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। वहीं अचानक ट्रांसफार्मर से सप्लाई बंद होने पर ग्रामीणों द्वारा सूचना दिये जाने के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य शुरू किया और ट्रांसफार्मर में आई खराबी को दुरूस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। वहीं क्षेत्र में एक माह के अंदर अलग-अलग स्थानों पर स्थित एक दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मरों से ऑयल (तेल) की चोरी की वारदात घटित हो चुकी है। विद्युत विभाग ने थाने में शिकायत दर्ज करवाकर ट्रांसफार्मरों से ऑयल (तेल) चोरी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करने की मांग की है।

रात के अंधेरे का फायदा उठा रहे शातिर चोर

आपकों बता दे कि लालबर्रा क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी की ये घटनाएं मुख्य रूप से देर रात के समय अंजाम दी जा रही हैं। चोरों को अच्छी तरह मालूम होता है कि किस समय विद्युत विभाग या स्थानीय लोगों की आवाजाही कम रहती है। क्षेत्र में इस तरह की वारदातें पहली बार नहीं हुई हैं, बल्कि इसके पूर्व भी ऐसी घटनाएं घटित हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक अज्ञात चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। विद्युत ट्रांसफार्मरों से ऑयल (तेल) ट्रांसफार्मर से तेल चोरी होने के कारण विभाग को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही नई व्यवस्था बहाल करने और तेल दोबारा भरने में काफी समय लग रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है। लगातार हो रही चोरियों और बिजली कटौती से स्थानीय जनता और किसानों में रोष व्याप्त है। क्षेत्रीयजनों का कहना है कि एक तरफ बारिश न होने से उमस भरी गर्मी सता रही है, वहीं दूसरी तरफ घंटों बिजली गुल रहने से जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रीयजनों ने पुलिस प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में रात के समय पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई जाये और क्षेत्र में अवैध रूप से तेल का धंधा करने वाले संदिग्धों से कड़ी पूछताछ कर कार्यवाही करने की मांग की है। वहीं विद्युत विभाग ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करवाकर अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।

दूरभाष पर चर्चा में विद्युत वितरण केन्द्र अमोली के कनिष्ठ यंत्री विनीत टेकाम ने बताया कि क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों में स्थित ट्रांसफार्मरों से अज्ञात चोरों के द्वारा रात्रि के समय ऑयल (तेल) की चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है और एक माह के अंदर एक दर्जन से अधिक ट्रांसफार्मरों से ऑयल की चोरी हुई है। जिसकी शिकायत थाने में दर्ज करवा दी गई है। श्री टेकाम ने बताया कि ऑयल चोरी करने वाले गिरोह हो सकते है लेकिन ये लोग रात्रि में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे है, पुलिस प्रशासन से मांग है कि ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी करने वाले अज्ञात चोरों को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here