नई दिल्ली: टीएमसी में टूट के बाद से ही ऐसी चर्चा है कि क्या ममता बनर्जी की कांग्रेस में वापसी होगी। पश्चिम बंगाल में ममता की हार और फिर दिल्ली में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद चर्चा और तेज हुई। सिर्फ ममता बनर्जी की ही पार्टी नहीं बल्कि शरद पवार की पार्टी को लेकर भी ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं। कांग्रेस से अलग हुए गुटों के पार्टी में विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने अपने पुराने सदस्यों को पार्टी में वापस लेने की इच्छा जताई है। AICC के महासचिव (संगठन) और राहुल गांधी के करीबी केसी वेणुगोपाल ने कहा कि जो कोई भी कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखता है, वह वापस आ सकता है।
केसी वेणुगोपाल बोले- हम उनका स्वागत करेंगे
केसी वेणुगोपाल ने TOI से बातचीत में कहा कि जो कोई भी कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखता है, वह आ सकता है। इसमें कोई समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के विलय और घर वापसी से बीजेपी-फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी। उन्होंने आगे कहा कि जो भी पार्टियां कांग्रेस में शामिल होना चाहती हैं और कांग्रेस की विचारधारा में विश्वास रखती हैं, वे हमसे संपर्क कर सकती हैं। हम उनका स्वागत करेंगे।










































