काठमांडू: भारत की नई चाय आयात नीति ने नेपाल के चाय उद्योग के सामने संकट खड़ा कर दिया है। भारतीय चाय बोर्ड की सख्त जांच और गुणवत्ता नियमों के कारण नेपाल का चाय निर्यात लगभग थम गया है। इसके चलते पूर्वी जिलों इलाम और झापा में दर्जनों फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। नेपाली मीडिया आउटलेट काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, इलाम में 53 चाय फैक्ट्रियों ने 15 जून से काम बंद कर दिया है। इसके अलावा झापा में 30 फैक्ट्रियों ने कुछ दिनों में उत्पादन रोकने की घोषणा की है।
इन फैक्ट्रियों में काम बंद करने से इस सेक्टर पर निर्भर हजारों मजदूरों और किसानों की आजीविका खतरे में पड़ सकती है। अकेले झापा में लगभग 20000 मजदूर और किसान अपनी कमाई के लिए चाय उद्योग पर निर्भर हैं। नेपाली चाय उद्योग का कहना है कि 3 लाख किलोग्राम से ज्यादा नेपाली चाय भारतीय बाजार में पहुंच चुकी है लेकिन अनिवार्य क्वालिटी टेस्टिंग प्रक्रियाओं के कारण फंसी हुई है।










































