फ्रांस में प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और लूटपाट के बाद पेरिस के प्लास दे ला रिपब्लिक और लेस हाल इलाके में सोमवार रात 11 बजे से मंगलवार सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया। वहीं, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गृह मंत्री का इस्तीफा ठुकरा दिया।फ्रांस में जीवनयापन की बढ़ती लागत और स्कूलों की बदतर स्थिति के खिलाफ हुए राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के दौरान भड़की हिंसा और तोड़फोड़ के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। पेरिस पुलिस ने सोमवार को राजधानी के दो प्रमुख इलाकों में रात के कर्फ्यू की घोषणा की है। वीकेंड के दौरान हुई हिंसा में देशभर में सिटी हॉल, सरकारी इमारतों और हजारों दुकानों को निशाना बनाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, हिंसा के सिलसिले में देशभर में कम से कम 2,400 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब 3,000 कारोबारियों के प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा या उनमें लूटपाट की सूचना मिली।
पेरिस पुलिस के आदेश के मुताबिक, प्लेस डे ला रिपब्लिक और शॉपिंग नेबरहुड में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लागू रहेगा। इन इलाकों में लोगों के प्रवेश करने और वहां मौजूद रहने पर रोक लगाई गई है। पुलिस ने कहा कि यह कदम हिंसा और लूटपाट से लोगों और संपत्ति की सुरक्षा करने के लिए उठाया गया है। इसके अलावा, शाम 8 बजे से किसी भी तरह के जमावड़े और प्रदर्शनों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
कई शहरों में नाबालिगों के लिए कर्फ्यू
फ्रांस के उत्तरी हिस्से में लिले समेत कई शहरों में 18 साल से कम उम्र के बच्चों और किशोरों के लिए रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है। यह प्रतिबंध अगले दो दिनों तक लागू रहेगा। वहीं, नीस शहर में भी नाबालिगों के लिए रात 9 बजे से कर्फ्यू लागू किया गया है। मार्सिले में सोमवार दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक प्रदर्शनों और अन्य सभाओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रधानमंत्री सेबास्टियन लेकोर्नू ने सीमित और स्थानीय स्तर पर कर्फ्यू लगाने की बात कही। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि हिंसा और संपत्ति को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने के बावजूद किसी की मौत नहीं हुई, जो चमत्कार है।
मैक्रों ने गृह मंत्री का इस्तीफा ठुकराया
देश में सुरक्षा व्यवस्था संभालने में नाकामी की जिम्मेदारी लेते हुए गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने रविवार को अपना इस्तीफा सौंप दिया। लेकिन राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इसे स्वीकार नहीं किया। राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, मौजूदा हालात में कानून-व्यवस्था संभालने के लिए नेतृत्व बनाए रखना जरूरी है। मैक्रों ने गृह मंत्री को हिंसा से पहले की योजना और खुफिया जानकारी जुटाने में हुई चूक की पूरी जांच करने और जल्द नई पुलिस रणनीति लागू करने का निर्देश दिया है।
नुनेज ने माना कि शनिवार को कुछ बड़े शहरों में प्रशासन का नियंत्रण कमजोर पड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस को तेजी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने वाले समूहों से निपटने के लिए अपनी रणनीति बदलनी होगी। वहीं, नेशनल रैली पार्टी के प्रमुख जॉर्डन बार्देला ने हिंसा रोकने में सरकार की विफलता का आरोप लगाते हुए लोगों से मतदान के जरिए अपनी आवाज उठाने की अपील की।










































