बिरसा के रिहायशी इलाके में तेंदुए की दहशत,प्राचार्य सहित 1 अन्य पर हमला कर किया

0

पदमेश न्यूज़, बालाघाट। मंगलवार की सुबह तहसील बिरसा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने, बिरसा के रिहाइसी इलाके में तेंदुआ घूमते हुए देखा, जहां तेंदुआ की आमद को लेकर स्थानीय लोगो मे मची चीख पुकार के बीच यहा तेंदुआ ,बस्ती के एक क्षतिग्रस्त मकान में दुबक कर बैठा हुआ था। जिसकी जानकारी लगने पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुड़ गई और लोगों ने डंडे लाठी लेकर उसे दौड़ना शुरू कर दिया। इसी दौरान वन्य प्राणी तेंदुआ ने शासकीय मॉडल स्कूल के प्राचार्य सौरभ शर्मा (41वर्ष) सहित 1 अन्य व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय लोगों द्वारा बिरसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। उधर मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने लोगों को बे-वजह घर से बाहर ना निकलने, भीड़ न लगाने और सुरक्षित रहने की अपील की है।वहीं उन्होंने जंगल की तरफ ना जाने की बात कहते हुए जल्द से जल्द तेंदुआ का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़े जाने का भी भरोसा दिलाया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक तेंदुए का रेस्क्यू नहीं किया गया था, जिसको लेकर बिरसा में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है।

करीब 4 घण्टे तक रिहायशी इलाके में रहा तेंदुआ
बताया गया कि उत्तर वन मंडल बालाघाट सामान्य अंतर्गत वन परिक्षेत्र बिरसा दमोह सामान्य के बिरसा तहसील मुख्यालय के वार्ड नंबर 23 में मंगलवार को सुबह सात बजे एक तेंदुआ जंगल से विचरण करते हुए आ गया। तेंदुआ सुबह 11 बजे तक चार घंटे इधर उधर घूमते फिरते रहा। इसकी जानकारी वन विभाग व पुलिस को मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। वन परिक्षेत्र का पूरा दल तेंदुआ को जंगल में भगाने का प्रयास करने में लगा रहा, लेकिन तेंदुआ कभी खाली मकान, तो किसी के बाथरूम में प्रवेश करते रहा।

स्कूल प्राचार्य शर्मा भी घायल
बताया जा रहा है कि विचलन के दौरान उक्त तेंदुआ ने बिरसा माडल स्कूल के प्राचार्य सौरभ शर्मा सहित 1 अन्य पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया, जिन्हें इलाज के लिए शासकीय अस्पताल बिरसा में भर्ती किया गया हैं।जानकारी के अनुसार बिरसा माडल स्कूल के प्राचार्य सौरभ शर्मा के मकान तरफ तेंदुआ गया ,तो वे सामने होने की वजह से बाएं हाथ में तेंदुआ झपट पड़ा। इस हमले में उन्हें मामूली चोटें आई है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति को भी तेंदुआ ने घायल कर खेत तरफ भाग गया। जहां पर एक खाली मकान में फिर से प्रवेश कर गया। उस जगह भी ड्रोन के माध्यम से सर्चिंग की गई। खाली मकान से निकलकर तेंदुआ टेलिंग डैम के जंगल तरफ चला गया।

जंगल मे 5-6 तेंदुए होने की कही जा रही बात
जानकारी के अनुसार ताम्र परियोजना मलाजखंड की खदान से एक किलोमीटर दूर पर टेलिंग डैम जंगल है। इस जंगल में पांच-छह तेंदुए होने की जानकारी सामने आई है।उसी तरफ से एक तेंदुआ बिरसा में सुबह प्रवेश कर गया। पहले तेंदुआ एक खाली मकान में घुसा। जिसको भीड़ ने देखा तो वह घबरा गया और इधर उधर भागते रहा।इसी को लेकर बिरसा में दोपहर तक दहशत का माहौल बना रहा।उधर वन विभाग द्वारा ड्रोन के माध्यम से की गई सर्चिंग में तेंदुआ इधर उधर भागते नजर आया है।विभाग द्वारा तेंदुए की हर एक मूमेंट पर ड्रोन के जरिए नजर रखी जा रही है।

पानी की तलाश में भटकर आया होगा शहर
हालांकि वन्य प्राणी तेंदुआ जंगल से भटक कर रहवासी इलाके में क्यों आया फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन वह पानी की तलाश में भटक कर शहर की तरफ आया होगा ऐसी चर्चाएं आम है।बताया गया कि इन दिनों भीषण गर्मी से जंगल के अधिकांश झिरिया, तालाब का पानी सूख गया है। ऐसे में वन्यजीव भी पानी की तलाश में भटकते रहते है। बिरसा से टेलिंग डैम का जंगल करीब एक किलोमीटर दूर है। ये जंगल कान्हा राष्ट्रीय उद्यान के कारिडोर में आता है। जिसके चलते वन्यप्राणी यहां होने से विचरण करते हुए लोगों दिखाई देते है। गर्मी होने तेंदुआ भी भूख प्यास से भटकते हुए शहर तक पहुंचा होगा।ऐसी बात स्थानीय लोगों द्वारा कही जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here