स्टॉकहोम/नई दिल्ली: हथियारों पर नजर रखने वाली ग्लोबल संस्था SIPRI की ताजा रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत ने कम से कम 12 परमाणु हथियार लाइव तैनात कर दिए हैं। इसका मतलब ये हुआ है कि भारतीय युद्धपोत, या पनडुब्बी या फिर दूसरे हथियारों में परमाणु हथियार हमेशा तैनात रहते हैं। ऐसा चीन और पाकिस्तान के खतरे को देखते हुए किया गया है। यानि अगर कोई देश भारत के खिलाफ परमाणु हथियार इस्तेमाल करने की कोशिश करता है तो भारत तत्काल परमाणु हमला कर देगा। ये भारत की पुरानी न्यूक्लियर डॉक्ट्रिन से बिल्कुल अलग दावा है।
सिप्री की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने अपनी परमाणु तैयारी में एक बड़ा बदलाव करते हुए कम से कम 12 परमाणु वॉरहेड तैनात किए हैं। यह पहले के उस तरीके से अलग है जिसमें भारत अपने परमाणु वॉरहेड और मिसाइल जैसे डिलीवरी सिस्टम को अलग-अलग रखता था। यह पहली बार है जब स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की परमाणु हथियारों पर नजर रखने वाली रिपोर्ट में यह बताया गया है कि भारत ने परमाणु वॉरहेड तैनात किए हैं। पिछली सभी रिपोर्टों में भारत के परमाणु हथियारों को ‘स्टॉकपाइल’ के तौर पर दिखाया जाता था न कि ऑपरेशनल तैनाती की स्थिति में।










































