भिंड। गोहद जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत लहचूरा में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों में बड़े स्तर पर अनियमितता सामने पर जिला पंचायत सीईओ ने कार्रवाई की है। जिला पंचायत सीईओ वीरसिंह चौहान ने पंचायत सचिव माताप्रसाद बघेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही जनपद पंचायत गोहद के सीईओ को मालनपुर थाने में आरोपित सचिव के खिलाफ एफआई आर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
ये है मामला
कलेक्टर कार्यालय के जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा की गई जांच में खुलासा हुआ कि पंचायत सचिव की आइडी और पासवर्ड का उपयोग कर कई जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए गए। बाद में इन्हें बिना उचित कारण के निरस्त भी कर दिया गया। जांच रिपोर्ट में कई संदिग्ध प्रकरण सामने आए हैं। जांच के अनुसार रमेश जाटव का मृत्यु प्रमाण पत्र 6 जून 2024 और 7 जून 2024 को दो बार पंजीकृत किया गया। इसी तरह रामजीलाल का मृत्यु प्रमाण पत्र 7 जून 2024 को जारी कर 23 दिसंबर 2024 को निरस्त कर दिया गया। लोकमन का प्रमाण पत्र 6 मार्च 2023 को जारी हुआ और 22 जनवरी 2025 को निरस्त किया गया। वहीं मुन्नी देवी माहौर का जन्म प्रमाण पत्र 22 जुलाई 2023 को जारी कर 1 फरवरी 2025 को कैंसिल किया गया।










































