मजदूरों से भरी पिकअप पलटने से गंभीर रूप से घायल एक महिला मजदूर की मौत

0

रामपायली थाना क्षेत्र में पूनी से बटरमारा रोड पर हुई थी दुर्घटना
डेढ़ दर्जन से अधिक महिला मजदूर हो गए थे घायल

बालाघाट/
जिले के रामपायली थाना क्षेत्र में 12 दिन पहले पूनी से बटरमारा मार्ग पर बैनगंगा नदी पुल के समीप महिला मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटने से गंभीर रूप से घायल एक महिला मजदूर की नागपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई मृतिका सविता पति बैगालाल लिल्हारे ग्राम डोंगरमाली निवासी बताई गई है। 12 जुलाई को सुबह हुए इस सड़क हादसे में डेढ़ दर्जन से अधिक महिला मजदूर घायल हो गईं थी।

ज्ञात हो कि 12 जुलाई की सुबह करीब 8:30 बजे करीब ग्राम डोंगरमाली और बिटोडी की डेढ़ दर्जन महिला मजदूर एक पिकअप वाहन में सवार होकर रोपाई कार्य के लिए किरनापुर क्षेत्र के ग्राम धड़ी नेवरगांव जा रही थीं।ग्राम पूनी से आगे बैनगंगा नदी पुल के पहले मोड़ पर तेज गति से दौड़ रही पिकअप अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे ढलान में पलट गई। वाहन पलटते ही कई महिला मजदूर पिकअप से बाहर जा गिरीं।जबकि कुछ वाहन के नीचे और अंदर दब गईं। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई थी।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को वाहन से बाहर निकालने । सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बालाघाट पहुंचाया गया था।जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो महिला मजदूर को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया था। जहा उपचार के दौरान 12 दिन बाद 25 जुलाई को 4:30 बजे सविता पति बैगा लिल्हारे की नागपुर एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। जिसके शव का नागपुर में ही पोस्टमार्टम किया गया है। इस मामले की आगे जांच पड़ताल रामपायली पुलिस द्वारा की जा रही है।इस दुर्घटना में अन्य घायल महिला अनिता पति शिशुपाल माहुले (२८),हिरमता पति मुकेश लिल्हारे (३५), कांता पति महेश मेश्राम (४८), परमिला पति सुकलाल मेश्राम (५८), उर्मिला पति रामभरोस लिल्हारे (६२), कमलाबाई पति लक्ष्मण लिल्हारे (५५), ममता पति मन्नूलाल लिल्हारे (५६), देवेश्वरी पति तीरथलाल लिल्हारे (४०) सभी निवासी डोंगरमाली एवं फूलवंता पति पंचम नगपुरे (४०), हिवानी पिता धनलाल नगपुरे (१८), कलावती पति भेजलाल नगपुरे (३८), संतोषी पति बसोकलाल नगपुरे (१९), पलक पिता शोभेलाल नगपुरे (१९) सभी निवासी बिटोड़ी व रेखा पति विष्णु उपवंशी (२८) निवासी नवेगांव शामिल है। जिनका इलाज जिला अस्पताल के अलावा बालाघाट नगर के एक निजी अस्पताल में किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here