मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पोस्ट से दिया बड़ा संकेत, IPL 2027 में फिर कप्तान बन सकते हैं रोहित शर्मा

0

Mumbai Indians Hints Rohit Sharma Can Become Captain Again: आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं। मुंबई इंडियंस का एक ताजा सोशल मीडिया पोस्ट ऐसे संकेत देता नजर आ रहा है और फैंस भी यही मानने लगे हैं। क्या हो सकती है इसकी बड़ी वजह, ये भी यहां जानेंगे।KEY HIGHLIGHTS

  • इंडियन प्रीमियर लीग
  • मुंबई इंडियंस का सोशल मीडिया पोस्ट क्या संकेत दे रहा है?
  • क्या आईपीएल 2027 में फिर कप्तान बनेंगे रोहित शर्मा

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने क्रिकेट गलियारों में हलचल मचा दी है। इस पोस्ट के बाद से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा आगामी 2027 आईपीएल सीजन में एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभाल सकते हैं।

यह सोशल मीडिया पोस्ट मीडिया में आई उन रिपोर्ट्स के कुछ ही घंटों बाद सामने आया, जिनमें यह दावा किया गया था कि रोहित शर्मा एक बार फिर टीम के कप्तान बन सकते हैं और हार्दिक पांड्या की जगह ले सकते हैं।

मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर की गई उस तस्वीर में रोहित शर्मा को ताज के साथ दिखाया गया यानी फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें ‘किंग’ बताया गया है। इसी तस्वीर में अन्य खिलाड़ियों के भी उपनाम (निकनेम) दिए गए हैं। जैसे जसप्रीत बुमराह को ‘शेर’, ट्रेंट बोल्ट को ‘बिजली’ और तिलक वर्मा को ‘स्टार’ बताने का प्रयास किया गया है। जैसे ही यह पोस्ट सामने आया, फैंस ने इस पर तुरंत प्रतिक्रिया दी और ‘किंग’ वाले संबोधन को रोहित की कप्तानी में संभावित वापसी का बड़ा संकेत माना।

हार्दिक पांड्या के कार्यकाल पर उठे सवाल

उल्लेखनीय है कि 2026 सीजन के समाप्त होने के बाद से ही हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है, क्योंकि उस सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था और टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही थी। जब से हार्दिक पांड्या ने टीम की कमान संभाली है, तब से पिछले तीन सीजन में से दो बार टीम प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई है। साल 2024 में टीम सबसे आखिरी पायदान पर रही थी, जबकि 2023 के सीजन में वे दूसरे क्वालीफायर से बाहर हो गए थे।

दूसरी तरफ, हार्दिक पांड्या इन दिनों लगातार अपनी चोटों व फिटनेस से जूझ रहे हैं। वो टीम इंडिया से नदारद हैं और कई महीनों से किसी भी फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नहीं नजर आए हैं।

रोहित शर्मा की बेमिसाल कप्तानी विरासत

रोहित शर्मा का बतौर कप्तान रिकॉर्ड बेहद शानदार और प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने 2013 से 2023 के बीच एक दशक तक मुंबई इंडियंस का सफल नेतृत्व किया। उनकी कप्तानी में ही टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया।

वर्तमान में रोहित संयुक्त रूप से आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के एमएस धोनी ने भी अपनी कप्तानी में पांच खिताब जीते हैं, और इन दोनों के अलावा आईपीएल में यह कारनामा किसी अन्य कप्तान ने नहीं किया है।

इसके अलावा, रोहित ने 2021 से 2025 के दौरान भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की पूर्णकालिक कप्तानी करते हुए भी ऐतिहासिक सफलताएं हासिल कीं। उनकी अगुवाई में भारत ने 2024 का टी20 विश्व कप जीता और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी की प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की। साथ ही, उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 2023 के वनडे विश्व कप का फाइनल मुकाबला भी खेला था, जहां दुर्भाग्यवश फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा ही ऐसे दो भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने इतिहास में एक से अधिक आईसीसी (ICC) ट्रॉफियां जीती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here