वारासिवनी। नगर के वीरांगना रानी अवंती बाई स्टेडियम में श्रीजी राजमिस्त्री संघ के तत्वावधान में भगवान विश्वकर्मा पूजा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान भगवान विश्वकर्मा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर राजमिस्त्री एवं निर्माण कार्य से जुड़े लोगों ने भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजन कार्यक्रम के बाद डीजे पर बज रहे भक्तिमय गीतों के साथ भव्य रैली निकाली गई। रैली नगर के विभिन्न चौक-चौराहों एवं प्रमुख गलियों से होकर गुजरी। इस दौरान बड़ी संख्या में राजमिस्त्री संघ के सदस्य एवं समाजजन शामिल हुए। रैली वापस वीरांगना रानी अवंती बाई स्टेडियम पहुंची जहां इसका समापन किया गया। इसके पश्चात सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें वरिष्ठ ठेकेदारों एवं इंजीनियरों का स्वागत कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में राजमिस्त्री कार्य से जुड़े परिवारों के उत्थान, संगठन की मजबूती तथा समाज के लोगों को जागरूक करने सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों एवं उनके परिवारों के हित में एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजमिस्त्री, ठेकेदार, इंजीनियर, गणमान्य नागरिक एवं समाजजन मौजूद रहे।










































