साई लॉन के सामने खाली मैदान में भीषण आग

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड नंबर १ हिमाचल नगर क्षेत्र में रविवार की रात उस वक्त हडक़ंप मच गया। जब वारासिवनी रामपायली मार्ग पर स्थित साई लॉन के सामने एक खाली मैदान में अचानक भीषण आग भडक़ उठी। रात करीब १०.३० बजे लगी इस आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर.दूर से इसकी भयावहता देखी जा सकती थी। गनीमत रही कि नगर पालिका की फायर ब्रिगेड ने समय रहते मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। भीषण गर्मी के इस दौर में सूखी घास और कचरे के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों को आसमान छूते देख वहां से गुजर रहे राहगीर ठिठक गए और पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। लोगों को डर था कि यदि आग पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया तो पास ही स्थित रिहायशी मकान भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। घटना की सूचना तत्काल नगर पालिका परिषद की फायर शाखा को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम बिना देरी किए मौके पर पहुंची। फायर फाइटरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर काफी मशक्कत के बाद आग को चारों तरफ फैलने से रोका और अंतत: उस पर पूरी तरह काबू पाया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मैदान से लगे हुए कई मकान हैं। यदि फायर ब्रिगेड पहुंचने में थोड़ी भी देरी होती तो आग रिहायशी इलाके में घुस सकती थी जिससे भारी जन धन की हानि की संभावना थी। आग बुझने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। वर्तमान में चल रही भीषण गर्मी और लू के कारण आगजनी की घटनाएं एक संवेदनशील मुद्दा बनी हुई हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सूखे कचरे या खाली मैदानों में आग ना लगाएं और सावधानी बरतें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here