पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर नगर परिषद और प्रशासनिक अमला पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। भारत सरकार द्वारा आयोजित होने वाले इस सर्वेक्षण में वारासिवनी को बेहतर रैंकिंग दिलाने के संकल्प के साथ एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल सोमवार को अचानक ग्राउंड जीरो पर उतरे। उन्होंने नगर के सार्वजनिक शौचालयों और शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अखिल भारतीय स्तर पर होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत २८ अप्रैल को केंद्रीय टीम का वारासिवनी आगमन निर्धारित है। यह टीम नगर के विभिन्न वार्डों, सार्वजनिक स्थलों, कचरा प्रबंधन केंद्रों और शौचालयों का गहन सर्वे करेगी। इसी सर्वे में मिलने वाले अंकों के आधार पर वारासिवनी की प्रदेश और देश स्तर पर रैंकिंग तय की जाएगी। सोमवार को निरीक्षण के दौरान एसडीएम कार्तिकेय जायसवाल सबसे पहले बस स्टैंड स्थित सार्वजनिक शौचालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने सफाई की नियमितता, पानी की पर्याप्त उपलब्धता और ड्रेनेज व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने टिहली बाई माध्यमिक विद्यालय का रुख किया जहां स्कूली शौचालयों की स्थिति देखी गई। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शौचालयों की फ र्श और दीवारों की सफाई, पानी की निर्बाध सप्लाई और बिजली की व्यवस्था का निरीक्षण के दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। एसडीएम ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सूर्य प्रकाश उइके को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण टीम के आने तक और उसके बाद भी सफाई का यही स्तर बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर का मान बढ़ाने के लिए हर कर्मचारी को जिम्मेदारी से कार्य करना होगा। इस अवसर पर सीएमओ सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी और सफाई पर्यवेक्षक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
इनका कहना है
मौखिक चर्चा में बताया की स्वच्छता सर्वेक्षण टीम के द्वारा नगर का मुआयना किया जाना है। इसी के आधार पर हमारे शहर को राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग प्राप्त होगी। तैयारियों को परखने के लिए आज सार्वजनिक शौचालयों और स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया है। वर्तमान में स्थिति संतोषजनक है और हम इसे और बेहतर करने का प्रयास कर रहे हैं।










































