ओडिशा का 27 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, जब्त गांजे की कीमत करीब 12 लाख रुपये
बहेला पुलिस ने झाड़ियों में घेराबंदी कर पकड़ा
बालाघाट। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बहेला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 किलो 314 ग्राम गांजा जप्त किया है। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से ओडिशा निवासी 27 वर्षीय आरोपी सीमांचल मलिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा 11 पैकेटों में बरामद किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर गांजे के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालाघाट पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क पर नजर रख रही है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर 2026 की रात बहेला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भरुसाडोंगरी तिराहे के पास एक व्यक्ति गांजा बेचने के उद्देश्य से मौजूद है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना बहेला पुलिस ने तत्काल टीम गठित की और मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम ने भरुसाडोंगरी तिराहे से लगभग 150 मीटर दूर लांजी की ओर मुख्य मार्ग के समीप झाड़ियों में छिपे एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
प्लास्टिक की बोरी से मिले 11 पैकेट
संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके कब्जे में रखी पीले रंग की प्लास्टिक की बोरी से खाकी रंग के टेप में लिपटे 11 पैकेट बरामद हुए। पैकेटों की जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया। तौल करने पर कुल मात्रा 24.314 किलोग्राम निकली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।पुलिस ने गांजे को विधिवत जप्त कर सीलबंद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीमांचल मलिक 27 वर्ष निवासी बलाकिया पाडीगन, जिला कंधमाल ओडिशा के रूप में हुई है।
गांव के जंगल में गांजा उगाने की बात बताई
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजे के स्रोत के संबंध में अपने गांव के जंगल में अवैध रूप से गांजा उगाने और उसे बिक्री के उद्देश्य से प्लास्टिक की बोरी में छिपाकर लाने की बात बताई है। पुलिस अब गांजे की खेती उसके परिवहन संभावित खरीदारों और अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज
बहेला थाना पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि गांजे की तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
बालाघाट पुलिस के अनुसार जिले में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। बहेला पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।










































