भरवेली पुलिस ने बैहर रोड पर अवैध रूप से मैंगनीज से भरी एक पिकअप जप्त की । इस पिकअप में 4 टन मैंगनीज पाया गया जिसकी कीमत 40 हजार रुपये बताई गई है। इस मैंगनीज की चोरी कर उसका अवैध रूप से परिवहन करने के आरोप में पिकअप चालक सोनू उर्फ गजेंद्र पिता रामजी पांचे 24 वर्ष ग्राम टेकाड़ी थाना भरवेली निवासी को गिरफ्तार किया। तथा उसके साथियों की तलाश की जा रही है।
भरवेली पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त की रात्रि में सूचना मिली कि एक पिकअप लोडिंग वाहन जिसमें अवैध रूप से मैंगनीज भरा हुआ है और यह पिकअप भरवेली से बैहर की ओर जा रही है। मुखबिर की इस सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक अंजुल अयक मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस की एक टीम ने बैहर रोड गांगुलपार फैमिली रेस्टोरेंट के पास पहुंच कर भरवेली तरफ से आ रहे पिकअप लोडिंग वाहन एम एच 24 ए यु 0812 को रोकर विधिवत तलाशी ली जिसमें भारी मात्रा में मैंगनीज भरा पाया गया। पिकअप चालक सोनू उर्फ गजेंद्र द्वारा इस मैगजीन के परिवहन के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया और पूछताछ में संतोषजनक उत्तर भी नहीं दिया गया। जिसे हिरासत में लेकर सघन पूछताछ करने पर पिकअप चालक सोनू उर्फ गजेंद्र ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर भरवेली स्थित खदान की मैंगनीज चुराकर बेचने हेतु ले जा रहा था। इसके बाद पिकअप चालक सोनू उर्फ गजेंद्र के विरुद्ध अपराध क्रमांक 221/ 24 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता धारा 4 / 21 खान एवं खनिज अधिनियम 1957 के तहत अपराध दर्ज कर उसे इस अपराध में गिरफ्तार किया गया। पिकअप में बोरियों भरे 4 टन मैंगनीज पाया गया। जिसकी कीमत 40 हजार रुपए तथा इस मैंगनीज की चोरी और उसका अवैध रूप से परिवहन करने में प्रयुक्त पिकअप जप्त की गई। जिसकी कीमत 4लाख रुपये बताई गई है। इस मामले में उन आरोपियों की तलाश की जा रही है।










































