30 लाख रुपये की रकम पर थी जालसाजों की नजर:महिला सहित दो आरोपी गिरफ्तार

0

बैंक खाते से 16.97 लाख रुपये की रकम उड़ाई

14 लाख का मशरूका बरामद: भरवेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

बालाघाट। भरोसे का फायदा उठाकर एक महिला के बैंक खाते में जमा लाखों रुपये की रकम हड़पने वाले एक महिला सहित दो आरोपियों को भरवेली पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने बैंक दस्तावेज, एटीएम कार्ड और चेक का दुरुपयोग कर पीड़िता के खाते से 16 लाख 97 हजार रुपये की राशि निकालकर उसका इस्तेमाल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 14 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद किया है। इसमें मारुति अर्टिगा कार, सोने-चांदी के जेवर, नकदी, एटीएम कार्ड, बैंक दस्तावेज और मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

एक लाख रुपये के उधार ने खोल दिया धोखाधड़ी का रास्ता

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भरवेली निवासी भानवंती ने 2 नवंबर 2026 को थाना भरवेली में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसे एक लाख रुपये की आवश्यकता थी, जिसके लिए उसने अंजू उर्फ अल्का भोयर से रुपये उधार मांगे थे। इसी दौरान अल्का ने कथित तौर पर उसका भरोसा जीतकर एसबीआई बैंक की पासबुक और चेकबुक अपने पास रख ली। इतना ही नहीं, दो चेकों पर हस्ताक्षर करवाने के साथ ही उसका पैन कार्ड और आधार कार्ड भी ले लिया।
दरअसल भानवंती के पति की मृत्यु के बाद उनकी नौकरी से संबंधित करीब 30 लाख रुपये की राशि उसके बैंक खाते में जमा हुई थी। खाते में इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी आरोपियों को थी। इसी रकम को निशाना बनाकर कथित तौर पर धोखाधड़ी की पूरी साजिश रची गई।

एटीएम, चेक और पीओएस मशीन से निकाली लाखों की रकम

पुलिस के मुताबिक महिला आरोपी अल्का भोयर का भांजा नैनसु रावते इस धोखाधड़ी में शामिल था। उसने पीड़िता से मोबाइल फोन लिया और पोस्ट ऑफिस में उसका करीबी रिश्तेदार होने की बात बताकर उसका एसबीआई एटीएम कार्ड भी प्राप्त कर लिया।इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग तरीकों से पीड़िता के बैंक खाते में सेंध लगाई। एटीएम मशीन से नगदी निकाली गई। ज्वेलर्स दुकानों पर पीओएस मशीन के जरिए कार्ड स्वाइप किया गया और चेक का भी इस्तेमाल किया गया। इस तरह आरोपियों ने पीड़िता के बैंक खाते से कुल 16 लाख 97 हजार रुपये की राशि का उपयोग कर लिया। पीड़िता को इसकी भनक तक नहीं लगी।

अपराध दर्ज होते ही फरार हो गए थे आरोपी

शिकायत की जांच के बाद थाना भरवेली में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 314, 316(2), 318(4), 338, 296(बी) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। अपराध दर्ज होने के बाद से ही दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।पुलिस अधीक्षक बालाघाट के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान थाना भरवेली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए 24 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अंजू उर्फ अल्का भोयर 33 वर्ष पति हीरालाल भोयर तथा नैनसु रावते पिता नवीन रावते दोनों पावर हाउस कॉलोनी भरवेली निवासी शामिल हैं।

कार से लेकर सोने के जेवर तक बरामद 14 लाख का मशरूका जप्त

आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज और संपत्ति बरामद की। महिला आरोपी अंजू उर्फ अल्का भोयर के कब्जे से पीड़िता की एसबीआई चेकबुक, पैन कार्ड और 39 हजार 500 रुपये नकद जब्त किए गए।
वहीं आरोपी नैनसु रावते के कब्जे से मारुति अर्टिगा कार क्रमांक MP 07 CH 1438, पीड़िता का एसबीआई एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा कथित धोखाधड़ी की रकम से खरीदे गए सोने-चांदी के जेवर भी जप्त किए गए।

बरामद जेवरों में एक सोने के मंगलसूत्र का लॉकेट, मंगलसूत्र के 10 बड़े सोने के मोती, ब्रेसलेट के छह सोने के मोती और एक सोने की अंगूठी शामिल है। पुलिस ने कुल करीब 14 लाख रुपये कीमत का मशरूका जप्त किया है।

महिला आरोपी जेल पहुंची:पुरुष आरोपी न्यायालय में पेश

गिरफ्तारी के बाद महिला आरोपी अंजू उर्फ अल्का भोयर को 24 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वहीं आरोपी नैनसु रावते को पूछताछ और बरामदगी के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ एवं बरामदगी की कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे 26 नवंबर को न्यायालय में पेश किया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह पन्द्रे, सहायक उपनिरीक्षक कविता मुर्खे, प्रधान आरक्षक झनकलाल नागेश्वर, राहुल गौतम, नितेश श्रीनाग, आरक्षक गोविंद सिंह, विजेन्द्र उईके, निलेश ठाकुर तथा साइबर सेल के आरक्षक तिलक अडमें और दीपक कावरे का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here