भगवान राम के मंदिर को अज्ञात चोरों ने बनाया निशाना

0

तोड़े ताले, दान पेटियों की रकम,शिवलिंग की तांबे की कुंडी चोरी
बोलेगांव, मोहझरी और भानेगांव के बाद अब बापड़ी के राम मंदिर में चोरी
लगातार मंदिरों में हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश,
रात के अंधेरे में बेखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे चोर।
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।पिछले कुछ महीनों से लांजी क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब भगवान के मंदिर भी उनके निशाने से सुरक्षित नहीं हैं। घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों में चोरी की वारदातों के बाद अब चोर धार्मिक स्थलों के ताले तोड़कर श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी दान राशि और मंदिरों में रखी सामग्री पर हाथ साफ कर रहे हैं। लांजी क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मंदिर में चोरी की घटनाएं न केवल ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं, बल्कि रात्रिकालीन पुलिस गश्त की प्रभावशीलता को लेकर भी चिंता बढ़ा रही हैं। ताजा वारदात ग्राम पंचायत बापड़ी के बाजार चौक स्थित राम मंदिर में सामने आई है, जहां अज्ञात चोर बीती रात करीब 2 बजे के बाद मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी और शिवलिंग पर रखी तांबे की कुंडी चोरी कर ले गए। ग्रामीणों के अनुसार दान पेटी में कई महीनों से श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई राशि जमा थी, जो अनुमानित तौर पर एक लाख से सवा लाख रुपए तक हो सकती है।

रात के अंधेरे में मंदिर का ताला तोड़ा, दान पेटी लेकर हुए फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार लांजी थाना क्षेत्र के ग्राम बापड़ी स्थित बाजार चौक के राम मंदिर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर रात्रि लगभग 2 बजे के बाद मंदिर पहुंचे और मुख्य द्वार पर लगे ताले को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद मंदिर में रखी दान पेटी को चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, चोर शिवलिंग पर रखी तांबे की कुंडी भी अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो ताला टूटा देखकर चोरी की जानकारी सामने आई। मंदिर में चोरी की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश और चिंता का माहौल बन गया। जिस मंदिर में ग्रामीण प्रतिदिन श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करने पहुंचते हैं, उसी मंदिर को चोरों द्वारा निशाना बनाया जाना लोगों को नागवार गुजर रहा है।

दान पेटी में जमा थे कई महीनों के चढ़ावे, लाख रुपए से अधिक होने का अनुमान
ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर की दान पेटी लंबे समय से नहीं खोली गई थी। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार इसमें दान राशि डालते थे। कई महीनों से राशि जमा होने के कारण ग्रामीणों का अनुमान है कि दान पेटी में लगभग एक लाख से लेकर सवा लाख रुपए तक हो सकते हैं। हालांकि वास्तविक रकम का खुलासा दान पेटी बरामद होने और जांच के बाद ही हो सकेगा। चोरों ने नकदी के साथ मंदिर की तांबे की कुंडी भी चोरी कर ली। मंदिर में हुई इस वारदात से ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

बापड़ी ही नहीं, बोलेगांव, मोहझरी और भानेगांव के मंदिर भी बन चुके हैं निशाना
ज्ञात हो कि लांजी क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की घटनाओं का सिलसिला नया नहीं है। बापड़ी की ताजा वारदात से पहले बोलेगांव, मोहझरी और भानेगांव सहित क्षेत्र के अन्य गांवों में भी मंदिरों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। अलग-अलग गांवों में धार्मिक स्थलों पर चोरी की वारदातों की पुनरावृत्ति से ग्रामीणों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि आखिर मंदिरों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन सुनिश्चित करेगा। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि चोर सुनसान मंदिर परिसरों और रात के समय सुरक्षा की कमी का फायदा उठा रहे हैं। यदि इन घटनाओं पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले दिनों में अन्य मंदिर भी चोरों के निशाने पर आ सकते हैं।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने भेजा पुलिस बल, जांच शुरू
उधर बीती रात बापड़ी के राम मंदिर में चोरी की जानकारी ग्रामीणों द्वारा लांजी थाना प्रभारी घनश्याम बैरागी को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस बल को घटनास्थल पर रवाना किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाकर जांच की कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही अज्ञात आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी और चोरी गई दान पेटी तथा तांबे की कुंडी बरामद करेगी।

रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और पूर्व की घटनाओं की जांच की मांग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here