पाकिस्तान ने किया भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच को बॉयकॉट करने का फैसला, बीसीसीआई ने दी प्रतिक्रिया

0
  • नई दिल्ली: पाकिस्तान सरकार ने रविवार देर रात अप्रत्याशित निर्णय लेते हुए पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 में शिरकत करने की अनुमति दी लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी, 2026 को कोलंबो में खेले जाने वाले मुकाबले को बॉयकॉट करने का फैसला किया। पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से संदेश जारी करते हुए कहा, इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को ICC वर्ल्ड T20 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी देती है।…हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।’
  • आधिकारिक तौर पर सूचना मिलने के बाद देंगे प्रतिक्रिया
  • पाकिस्तान के भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले के बॉयकॉट के फैसले की खबर पूरी दुनिया के क्रिकेट गलियारों में आग की तरह फैल गई। ऐसे में पाकिस्तान के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए बीसीसीआई के सचिव देवाजीत सैकिया ने टाइम्स नाउ से कहा, हमारे पास ऐसी कोई सूचना नहीं है। एक बार आधिकारिक तौर पर हमें जानकारी मिलेगा उसके बाद हम अपनी राय रखेंगे।
  • पीसीबी ने अभी नहीं दी है आईसीसी को लिखित सूचना
  • वहीं आईसीसी के सूत्र ने पाकिस्तान के बॉयकॉट के फैसले पर कहा, आईसीसी को लिखित में इस बारे में अबतक कोई सूचना पीसीबी की तरफ से नहीं मिली है। पाकिस्तान के खिलाफ किसी कार्रवाई या प्रतिबंध का फैसला पाकिस्तान द्वारा आधिकारिक तौर पर सूचित किए जाने बाद किया जाएगा।
  • मैच के लिए श्रीलंका जाएगी टीम इंडिया
  • टॉप सूत्रों के मुताबिक भारत आईसीसी प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करेगा। टीम श्रीलंका जाएगी, तय कार्यक्रम के अनुसार अभ्यास करेगी, प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होगी और मैच के समय स्टेडियम पहुंचकर मैच रेफरी के फैसले का इंतजार करेगी। नियमों के अनुसार, अगर एक टीम मैदान पर मौजूद हो और दूसरी खेलने से मना करे, तो मौजूद टीम को पूरे अंक मिलते हैं। लेकिन अगर दोनों टीमें मैदान पर नहीं उतरतीं, तो मैच रद्द माना जाएगा और दोनों को एक-एक अंक दिए जाएंगे। सूत्रों का कहना है कि भारत, भारत–पाक मुकाबलों को लेकर खेल मंत्रालय की तय स्पोर्ट्स पॉलिसी के तहत ही आगे बढ़ेगा।
  • टी20 विश्व कप 2026 में ऐसा है पाकिस्तान का कार्यक्रम
  • पाकिस्तान को टी20 विश्व कप 2026 के लिए भारत, अमेरिका, नामीबिया और नीदरलैंड के साथ जगह मिली है। पाकिस्तान को अपने सभी मैच श्रीलंका के कोलंबो में खेलने हैं। पाकिस्तान अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ करेगा। इसके बाद उसकी 10 फरवरी को अमेरिका से भिड़ंत होगी। भारत के साथ 15 फरवरी को उसकी भिड़ंत होनी है। इसके बाद पाकिस्तान की टीम अपना आखिरी लीग मुकाबला 18 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ खेलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here