बालाघाट।
खैरलांजी थाना क्षेत्र से 12 दिन पहले कॉलेज जाने घर से निकली नवविवाहित युवती के दस्तयाब होने के बाद एक नई प्रेम कहानी सामने आई।जो इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इस युवती ने महज दो माह के भीतर दो युवकों से प्रेम संबंध के चलते जहां एक युवक से सगाई की तो, सगाई के बाद दूसरे युवक से प्रेम सम्बंध बनाकर उसके साथ शादी कर ली और अंत मे उसने अपने पहले प्रेमी के पास लौटने का फैसला कर लिया।
यह युवती खैरलांजी थाना क्षेत्र की ही निवासी है।जो लालबर्रा स्थित बीएससी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। युवती का पिछले छह वर्षों से मुरमाड़ी निवासी विपिन गोंडाने के साथ प्रेम संबंध था। दोनों का प्रेम इतना गहरा था कि परिवारों ने भी उन्हें शादी की सहमति दे दी और सामाजिक रीति-रिवाज से सगाई के बाद 25 मार्च 2026 को विवाह की तारीख भी तय कर दी गई। रिश्तेदारों में शादी के कार्ड वितरण किये जा चुके थे और दोनों के परिवार विवाह की तैयारियों में जुटे गये थे। इसी बीच युवती की जिंदगी में अचानक मोड़ आ गया। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान उसकी नजदीकियां पड़ोसी गांव कच्चेखानी निवासी और सहपाठी हर्ष घरड़े से बढ़ गईं। भावनाओं के उफान में युवती ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने दोनों के परिवारों को हैरान कर दिया। 13 फरवरी 2026 को महाराष्ट्र के चुल्हाड़ स्थित धम्माभिषेक बुद्ध विहार में इस युवती ने हर्ष घरड़े के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह कर लिया।हर्ष के साथ नई जिंदगी शुरू करने वाली इस युवती का मन हालांकि पूरी तरह स्थिर नहीं हो पाया। समय बीतने के साथ उसका संपर्क फिर से पुराने प्रेमी विपिन गोंडाने से होने लगा। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और पुराना प्रेम फिर जाग उठा। आखिरकार युवती ने हर्ष का घर छोड़ने का फैसला कर लिया। 4 मई को वह अपने ससुराल से कॉलेज जाने का कहकर निकली और विपिन के साथ नागपुर चली गई।जब वह घर नहीं लौटी तो हर्ष घरड़े के परिजन चिंतित हो उठे। उसकी काफी खोजबीन किये, नही मिलने पर उन्होंने खैरलांजी थाना पहुंचकर इस युवती की गुमशुदगी की शिकायत की थी। खैरलांजी थाने में गुम इंसान 22/2026 कायम किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने साइबर सेल की मदद से तलाश शुरू की और 16 मई को इस युवती को दस्तयाब कर लिया।थाने में जब दोनों पक्ष पहुंचे तो । युवती ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह अब विपिन गोंडाने के साथ ही रहना चाहती है। उसने पुलिस को दिए बयान में स्वीकार किया कि विपिन से उसका प्रेम संबंध वर्षों पुराना था और उसी से शादी तय हुई थी। लेकिन वह भावनात्मक रूप से भ्रमित हो गई थी और हर्ष से विवाह कर लिया। अब उसे अपने फैसले का एहसास है और वह विपिन के साथ जीवन बिताना चाहती है।वहीं विपिन गोंडाने ने भी इस युवती को अपनाने की बात कही। उसने बताया कि दोनों लंबे समय से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और परिवारों की सहमति से शादी तय हुई थी। परिस्थितियां अचानक बदल गई थीं, लेकिन अब दोनों साथ रहकर नया जीवन शुरू करना चाहते हैं।युवती के दस्तयाब होने के बाद इनकी प्रेम कहानी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने यह जरूर दिखा दिया कि भावनाओं में लिया गया एक निर्णय कई जिंदगियों को प्रभावित कर सकता है।
युवती बालिक है उसने अपनी इच्छा से विपिन गोंडाने के साथ रहने की बात कही-थाना प्रभारी दीपक गौतम
खैरलांजी थाना प्रभारी दीपक गौतम ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने उसे खोजकर दस्तयाब किया। युवती बालिग है और उसने अपनी इच्छा से विपिन गोंडाने के साथ रहने की बात कही है। इसलिए उसके बयान दर्ज कर नियमानुसार उसे उसके इच्छित साथी के साथ भेज दिया गया।










































