नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के प्लेऑफ की चारों टीमों की तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो चुकी है। इस बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स ने अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की है। लेकिन इस सीजन का सबसे बड़ा और हैरान कर देने वाला उलटफेर पंजाब किंग्स का प्लेऑफ की रेस से बाहर होना रहा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब की टीम 14 मैचों में सिर्फ 15 अंक ही जुटा सकी और नेट रन रेट के फेर में फंसकर पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर रह गई। पंजाब के इस तरह बाहर होने के बाद सोशल मीडिया पर दूसरे देश के क्रिकेट बोर्ड भी उन्हें ट्रोल करने से पीछे नहीं हट रहे हैं।
आइसलैंड क्रिकेट ने उड़ाया मजाक
अपने मजाकिया ट्वीट्स के लिए मशहूर आइसलैंड क्रिकेट बोर्ड ने पंजाब किंग्स की इस नाकामी पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तीखा तंज कसा है। पंजाब किंग्स की हार को कोट करते हुए आइसलैंड क्रिकेट ने लिखा, ‘पंजाब किंग्स से हम यही सीखते हैं कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपने किसी टूर्नामेंट की शुरुआत कितनी अच्छी की है।’पंजाब की टीम हो रही ट्रोल
आइसलैंड क्रिकेट का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस इस पर जमकर मजे ले रहे हैं। दरअसल, पंजाब ने सीजन के शुरुआती 7 मैचों में अजेय रहकर शानदार आगाज किया था लेकिन इसके बाद लगातार 6 मैच हारकर उन्होंने अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली।
19 सीजन में सिर्फ 3 बार मिला प्लेऑफ का टिकट
पंजाब किंग्स आईपीएल के पहले सीजन यानी 2008 से इस टूर्नामेंट का हिस्सा रही है। लेकिन इस टीम का इतिहास बेहद निराशाजनक रहा है। आईपीएल के 19 सालों के इतिहास में यह टीम महज 3 बार ही प्लेऑफ में जगह बनाने में कामयाब हो सकी है। टीम ने सबसे पहले साल 2008 में सेमीफाइनल खेला था जिसके बाद फैंस को लंबा इंतजार करना पड़ा।










































