जल्द टेलीकॉम कंपनियां जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया (Vi) के प्लान महंगे होने वाले हैं? अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं तो बता दें कि हालिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत की तीन बड़ी मोबाइल कंपनियां शायद अभी अपने रीचार्ज प्लान महंगे नहीं करेंगी। मोबाइल यूजर्स के लिए यह एक अच्छी खबर है क्योंकि पहले से ही प्रीपेड प्लान काफी महंगे हो चुके हैं। टेलीकॉम कंपनियों ने पिछले दो वर्षों में किसी ना किसी तरह से या तो प्लान की वैलेडिटी कम करके या फिर प्लान में मिलने वाले फायदों को कम करके थोड़ी-बहुत बढ़ोतरी की है। बता दें कि आखिरी बार टैरिफ हाइक जुलाई, 2024 में हुआ था। एनालिस्ट को उम्मीद थी कि टेलीकॉम कंपनियां ट्रेंड के अनुसार अगले दो वर्षों में टैरिफ बढ़ाएंगी। लेकिन नई रिपोर्ट ने इस विचार पर अभी रोक लगा दी है।
क्यों नहीं बढ़ाएंगी कीमतें?
Telecomtalk की रिपोर्ट के अनुसार, हाल फिलहाल प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां अपने प्रीपेड प्लान की कीमतें नहीं बढ़ाएंगी। ग्लोबल हालात अब बहुत अलग हैं। दुनिया के पश्चिमी देशों के बीच चल रहे आपसी तनाव और लड़ाइयों की वजह से आम लोगों के लिए बाजार के हालात काफी खराब हो गए हैं। तेल, खाना-पीना और सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने का खर्च आदि महंगा हो गया है। इससे आम जनता की जेब पर बहुत भारी असर पड़ा है।
यही कारण है कि टेलीकॉम कंपनियों के पास टैरिफ बढ़ोतरी को फिलहाल टालने के अलावा कोई और ऑप्शन नहीं होगा। हालांकि, वित्तीय वर्ष 25 में इंडस्ट्री का रेवेन्यू 13% बढ़ा है, लेकिन वित्तीय वर्ष 26 या उसके अगले साल टैरिफ में कीमतों में बढ़ोतरी ना होने पर भी इंडस्ट्री का रेवेन्यू 10% बढ़ा। अगर वित्तीय वर्ष 27 में कोई बढ़ोतरी नहीं होती है, तो कंपनियों के रेवेन्यू पर भारी असर देखने को मिल सकता है।













































