ई-अटेंडेंस की मजबूरी या जानलेवा लापरवाही…शाजापुर में उफनता नाला पार का स्कूल पहुंच रहे शिक्षक

0

शाजापुर: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले से एक बेहद हैरान करने वाली और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां मोहन बड़ोदिया विकासखंड के एकीकृत शासकीय हाई स्कूल नौलाया में पदस्थ शिक्षक और प्राचार्य अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण स्कूल के पास स्थित नाला उफान पर है और मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। इसके बावजूद, शासन की सख्त ई-अटेंडेंस व्यवस्था के डर से शिक्षक तेज बहाव के बीच पैदल ही नाला पार कर रहे हैं।

हर कदम पर हादसे का डर, ई-अटेंडेंस की मजबूरी

बुधवार सुबह स्कूल के प्राचार्य गोकुल प्रसाद कुलमिया सहित अन्य शिक्षक जब स्कूल के लिए निकले, तो सड़क के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। शिक्षकों के पास इसके अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं था। प्राचार्य गोकुल प्रसाद कुलमिया ने बताया, ‘बरसात के दिनों में नाले का पानी सड़क पर आ जाता है, जिससे आवागमन बेहद खतरनाक हो जाता है। लेकिन ई-अटेंडेंस के कारण निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचना अनिवार्य है। अगर सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।’ शिक्षकों का यह भी कहना है कि वे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए भी यह जोखिम उठा रहे हैं।

बरसों पुरानी समस्या, प्रशासन मौन

स्थानीय ग्रामीण अजय ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि सालों पुरानी है। हर साल मानसून में स्कूल का यह संपर्क मार्ग बंद हो जाता है। पानी ज्यादा होने पर बच्चे स्कूल नहीं आ पाते, जिससे उनकी पढ़ाई का भारी नुकसान होता है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शिकायत की गई, लेकिन आज तक इस समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।

ग्रामीणों ने उठाई पुलिया निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि स्कूल मार्ग पर जल्द से जल्द पुलिया का निर्माण कराया जाए या फिर बारिश के दिनों के लिए कोई सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल आने-जाने का रास्ता नहीं, बल्कि मासूम बच्चों की शिक्षा और लोगों की सुरक्षा से जुड़ा एक बेहद गंभीर मुद्दा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कब जागता है, या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here