Jana Nayagan Release Date: सुपरस्टार और तमिल नाडु के मुख्यमंत्री विजय (CM Vijay) की फिल्म ‘जना नायकन’ (Jana Nayagan) का अच्छा खासा बज बना हुआ है। हाल ही में इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने हरी झंडी दी है। ये खबर भी सामने आई थी कि फिल्म जना नायकन ने यूके में रिलीज से पहले ही मोटी कमाई कर ली है। इस बीच फिल्म जना नायकन की रिलीज डेट के बारे में मेकर्स ने बड़ी जानकारी दी है। विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ अब इस दिन बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।
कब रिलीज होगी जना नायकन
लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि ‘जना नायकन’ अब 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, ‘आग में तपकर, समय के साथ मजबूत होकर इतिहास रचने के लिए तैयार। जितनी कठिन लड़ाई होगी, जीत उतनी ही बड़ी होगी।’ नए पोस्टर में विजय पुलिस की वर्दी में हाथ में तलवार लिए दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। विजय ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर फिल्म की रिलीज डेट शेयर की है।
जना नायकन में दिखाई देंगे बॉबी देओल
बता दें कि सीएम विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ पहले जनवरी में रिलीज होने वाली थी, लेकिन CBFC से जुड़े कुछ सेंसरशिप मुद्दों के कारण फिल्म की रिलीज टाल दी गई। इसके बाद अप्रैल में फिल्म को एक और बड़ा झटका लगा, जब इसकी एचडी प्रिंट ऑनलाइन लीक होने की खबर सामने आई थी। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है। फिल्म में विजय जनता के हक के लिए लड़ने वाले नेता की भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, फिल्म में उनका सामना बॉबी देओल के किरदार से होगा। इस फिल्म को देखने के लिए सभी लोग बेताब हैं।










































