WWE का सबसे बड़ा प्रीमियम लाइव इवेंट समरस्लैम 2026, 1 और 2 अगस्त को अमेरिका के मिनियापोलिस स्थित यूएस बैंक स्टेडियम में आयोजित होगा। दो दिनों तक चलने वाले इस मेगा शो में कई बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, WWE सिर्फ मौजूदा सुपरस्टार्स ही नहीं बल्कि कई दिग्गज रेसलर्स की भी सरप्राइज एंट्री करा सकती है। आइए जानते हैं उन पांच बड़े नामों के बारे में जो समरस्लैम 2026 में नजर आ सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, बुब्बा रे डडली और डी-वॉन डडली की जोड़ी समरस्लैम वीकेंड के दौरान दिखाई दे सकती है। दोनों ने कई सालों से WWE में एक साथ मुकाबला नहीं लड़ा है। ऐसे में अगर यह मशहूर टैग टीम वापसी करती है तो फैंस के लिए यह किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा।
रैंडी ऑर्टन आखिरी बार रेसलमेनिया 42 के मेन इवेंट में नजर आए थे, जहां उन्हें कोडी रोड्स के खिलाफ हार मिली थी। हालांकि मैच के बाद उन्होंने कोडी पर हमला कर अपनी मौजूदगी का एहसास कराया था। अब जब कोडी रोड्स का सामना सीएम पंक से होने वाला है, तो समरस्लैम में ऑर्टन की वापसी की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है।
रिकिशी का नाम भी उन दिग्गजों में शामिल है, जिनकी समरस्लैम में मौजूदगी की चर्चा हो रही है। उनके बेटे जिमी उसो और जे उसो, जैकब फाटू के साथ मिलकर सोलो सिकोआ और उनकी टीम का सामना करेंगे। ऐसे में रिकिशी किसी एक पक्ष का साथ देकर मैच का पूरा समीकरण बदल सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, द अंडरटेकर भी समरस्लैम वीकेंड में नजर आ सकते हैं। रेसल पलूजा में अपनी हालिया मौजूदगी की तरह इस बार भी वह फैंस के लिए कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो यह शो का सबसे यादगार पल बन सकता है।
रिंग से संन्यास लेने के बाद जॉन सीना WWE के पर्दे के पीछे सक्रिय हैं और अब तक दो बार टीवी पर दिखाई दे चुके हैं। माना जा रहा है कि समरस्लैम 2026 में भी उनकी एंट्री हो सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह अपने नए ‘जॉन सीना क्लासिक’ टूर्नामेंट से जुड़ी अहम जानकारी या उसकी तारीख का ऐलान कर सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो फैंस को समरस्लैम में एक और बड़ा सरप्राइज देखने को मिलेगा।









































