पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के शासकीय शंकर साव पटेल महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी और लचर व्यवस्थाओं के विरोध में १० अगस्त को विद्यार्थियों ने मुख्य गेट बंद कर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। यह क्षेत्र का इकलौता बड़ा शासकीय महाविद्यालय होने के कारण यहाँ आसपास के ग्रामीण इलाकों और विकासखंडों से सैकड़ों विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। हालाँकि लंबे समय से कॉलेज परिसर में जरूरी सुविधाओं का अकाल बना हुआ है। छात्रों ने बताया कि इससे पूर्व २९ जून २०२६ को भी इन्हीं समस्याओं को लेकर आंदोलन किया गया था । लेकिन प्रशासन के द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नही किए जाने के कारण असंतोष बढ़ता गया और छात्रों को पुन: मजबूर होना पड़ा। जहाँ विद्यार्थियों के द्वारा टूटे हुए नलों की तत्काल मरम्मत और परिसर में शुद्ध पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने, सभी कक्षाओं में पंखों की व्यवस्था तथा कक्षाओं का समय पर नियमित संचालन करने, शौचालयों की नियमित और उचित सफाई के साथ साथ परिसर में सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाने, शासन स्तर से विद्यार्थियों की बकाया स्कॉलरशिप शीघ्र दिलाना और न्यू एडमिशन की रिक्त सीटों की पूर्ति के लिए आवश्यक कदम उठाने मांग की गयी। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन का अमला मौके पर मुस्तैद रहा। लगभग एक घंटे चले प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय के प्राचार्य सत्यशील गेड़ाम मौके पर पहुँचे। छात्रों ने प्राचार्य को अपनी समस्याओं से विस्तार से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि इस बार भी इन समस्याओं का त्वरित निराकरण नहीं किया गया तो भविष्य में छात्रों के द्वारा उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
महाविद्यालय में बहुत ज्यादा असुविधा है हर विद्यार्थी परेशान है-आशु नकासे
छात्र आशु नकासे ने बताया कि महाविद्यालय में बहुत ज्यादा असुविधा है विद्यार्थी हर कोई परेशान है। हमारा यह जो धरना प्रदर्शन है वह प्रोफेसर या स्टाफ नहीं प्रबंधन के खिलाफ है। सभी विद्यार्थियों को असुविधा बहुत समय से हो रही है एक महीने पहले भी हमने इस विषय पर ज्ञापन दिया था पर किसी प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई है। हमें उस समय जबकि आश्वासन दिया गया था कुछ नहीं होने पर हमें धरना देना पड़ा। इसमें हमने गेट बंद कर महाविद्यालय प्रशासन से अपने आप अधिकार की मांग की है कि यह जो विद्यार्थियों को असुविधा हो रही है उसका निराकरण जल्द हो दूर दराज ग्रामीण क्षेत्र से और विद्यार्थियों शिक्षा अध्ययन करने आ रहा है।
समस्या का समाधान नही होने पर कलेक्टर को ज्ञापन देंगे या महाविद्यालय में फिर उग्र आंदोलन करेंगे- अभिनय डोंगरे
छात्र अभिनय डोंगरे ने बताया कि कॉलेज में बहुत सारी असुविधा है शौचालय में गंदगी भरी पड़ी है। कक्षाओं में पंखे नहीं लगे हुए हैं समय पर कोई भी कक्षा संचालित नहीं हो रही है, सीसीटीवी भी नहीं लगे हुए हैं हर विषय के शिक्षक भी महाविद्यालय में उपलब्ध नहीं है लाइब्रेरी की व्यवस्था ठीक नहीं है। कॉलेज खुलने का समय ११ बजे है शिक्षक १२ बजे आ रहे हैं विद्यार्थी १० बजे से आ रहे हैं। छात्रों को स्कॉलरशिप भी लंबे समय से नहीं मिली है निर्धन छात्र स्कॉलर नही मिलने से प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं। कई प्रकार की दिक्कत महाविद्यालय में है इसलिए हमने धरना दिया था अभी ज्ञापन दिया है सुधार नहीं होता है तो कलेक्टर को ज्ञापन देंगे या महाविद्यालय में फि र उग्र आंदोलन करेंगे। इसके अलावा जो प्रवेश में सीट बची हुई है उसमें भी दूसरे विद्यार्थियों को मौका दे।










































