बच्चों ने बताई आश्रम की ‘कहानी’, जांच करने पहुंची BEO से अभद्रता का आरोप, अधीक्षक समेत 4 पर केस

0

बड़वानी के सरकारी बालक आश्रम में बच्चों की शिकायतों की जांच करने पहुंची टीम के सामने मामला ही पलट गया। बच्चों से बातचीत के बाद आश्रम अधीक्षक के रिश्तेदारों पर जांच टीम से अभद्रता और कार्रवाई में बाधा डालने का आरोप लगा है।बड़वानी: पाटी ब्लॉक के बोकराटा स्थित राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह शासकीय बालक आश्रम के अधीक्षक समेत चार लोगों के खिलाफ सरकारी अधिकारियों के साथ कथित अभद्रता, गाली-गलौज और जांच में बाधा डालने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। बीईओ की शिकायत पर पाटी पुलिस ने अधीक्षक विनोद आर्य, उनकी पत्नी किरण आर्य, बेटी सोनिका आर्य और भाई अरुण आर्य को आरोपी बनाया हैपाटी थाना प्रभारी रामदास यादव ने बताया कि आश्रम में रहने वाला कक्षा तीसरी का छात्र करण 19 सितंबर को हादसे में घायल हो गया था। उसे जिला अस्पताल बड़वानी में भर्ती कराया गया। मामले की जांच के लिए सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग के निर्देश पर बड़वानी की ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजश्री पवार चार सदस्यीय टीम के साथ 20 सितंबर को आश्रम पहुंचीं।

बच्चों ने खाने से लेकर पैसे मांगने तक की शिकायतें कीं

जांच के दौरान टीम ने आश्रम में रह रहे बच्चों से बातचीत की। बीईओ की शिकायत के मुताबिक, कुछ छोटे बच्चों ने अधीक्षक पर पर्याप्त भोजन और नाश्ता नहीं देने, परेशान करने और पैसे मांगने सहित कई आरोप लगाए।पुलिस के अनुसार, बच्चों की शिकायतें सामने आने के बाद अधीक्षक ने अपने रिश्तेदारों को आश्रम बुला लिया। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने बीईओ और जांच टीम के अन्य अधिकारियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया तथा जांच में बाधा डाली।

BEO ने 43 बच्चों पर दबाव बनाए जाने की जताई आशंका

बीईओ ने जांच रिपोर्ट सहायक आयुक्त को सौंपते हुए आशंका जताई कि आश्रम में मौजूद 43 बच्चों को डराया या धमकाया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने पाटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गुरुवार देर रात चारों आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अधिकारियों से अभद्रता से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here