Vinod Kambli: कांबली ने वृद्धाश्रम प्रबंधन से कहा कि वह लालबाग के राजा के दर्शन के लिए जाना चाहते हैं और इसी बात को कहकर वह आश्रम से निकल गए। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि वह लालबाग के राजा के दर्शन के लिए पहुंचे ही नहीं।Vinod Kambli: पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर बताया था कि वह पिछले कुछ दिनों से ठाणे के एक वृद्धाश्रम में रह रहे हैं। वीडियो में कांबली भावुक नजर आए और उन्होंने कहा था कि वहां उनकी अच्छी देखभाल हो रही है। इस वीडियो के सामने आते ही फैंस और क्रिकेट जगत में उनकी सेहत और आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता बढ़ गई थी। लेकिन इस पोस्ट के दो दिन बाद ही एक नया घटनाक्रम सामने आया है।
लालबाग के राजा के दर्शन की बात कह वृद्धाश्रम से निकले
जानकारी के मुताबिक, कांबली ने वृद्धाश्रम प्रबंधन से कहा कि वह लालबाग के राजा के दर्शन के लिए जाना चाहते हैं और इसी बात को कहकर वह आश्रम से निकल गए। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि वह लालबाग के राजा के दर्शन के लिए पहुंचे ही नहीं। इस घटना के बाद कांबली को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया पर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। इसी बीच सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल विनोद कांबली मुंबई स्थित अपने घर पर हैं। वह वृद्धाश्रम से निकलने के बाद सीधे अपने घर चले गए।
कांबली को लेकर बढ़ा सस्पेंस
कांबली के वृद्धाश्रम से निकलने और घर पहुंचने को लेकर अभी तक उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। उन्होंने इस पूरे मामले पर विस्तार से कुछ नहीं कहा है, जिससे सस्पेंस और बढ़ गया है। बता दें कि विनोद कांबली पिछले काफी समय से अपने स्वास्थ्य को लेकर चर्चा में रहे हैं। कई बार उनकी ऐसी तस्वीरें और वीडियो सामने आई हैं जिनमें उनकी खराब सेहत साफ दिखी है। इसके अलावा उनकी आर्थिक तंगी की खबरें भी लगातार आती रहती हैं। कुछ समय पहले वह बीसीसीआई से नौकरी की गुहार लगाते हुए भी नजर आए थे। क्रिकेट फैंस के लिए कांबली का यह नया वीडियो एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। सचिन तेंदुलकर के बचपन के दोस्त और एक समय टीम इंडिया के स्टार रहे कांबली की मौजूदा स्थिति को देखकर फैंस भावुक हो रहे हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।










































