मनमोहक भजनों की प्रस्तुति के साथ हवन पूजन महाप्रसादी का हुआ आयोजन
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड क्रमांक ३ स्थित ऐतिहासिक सोसायटी शिव मंदिर में श्रावण मास के पावन उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय संगीतमय अखंड रामायण पाठ का सोमवार को विधि विधान एवं महाप्रसादी वितरण के साथ भव्य समापन हुआ। श्रावण मास के अंतिम चरण और चौथे श्रावण सोमवार के विशेष अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरा क्षेत्र धर्ममय और भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। दो दिवसीय कार्यक्रम की शुरुआत रविवार प्रात: भगवान शिव के विशेष पूजा अर्चना और जलाभिषेक के साथ हुई। पूजा के उपरांत आरती कर उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया। इसके तुरंत बाद जागरण ग्रुप के द्वारा संगीतमय अखंड रामायण पाठ का सस्वर वाचन प्रारंभ किया गया। जागरण दल के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत चौपाइयों और भजनों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान रहा जो दिन रात निरंतर चलता रहा। श्रावण सोमवार के पावन अवसर पर अखंड रामायण पाठ का विश्राम हुआ। इसके पश्चात आयोजित भजन संध्या में बाबा श्याम, भगवान शिव, संकटमोचन हनुमान और प्रभु श्री राम के एक से बढक़र एक मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। भजनों की मधुर धुनों पर उपस्थित धर्मप्रेमी श्रद्धालु भाव विभोर होकर झूमने और नृत्य करने पर मजबूर हो गए। सोमवार दोपहर मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं पंडितों के द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूर्णाहुति हवन पूजन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत विशाल महाप्रसादी का वितरण किया गया जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ उठाया और प्रसादी ग्रहण की। समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि सोसायटी शिव मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना जगाना और रास्ता भटक रहे युवाओं को धर्म के मार्ग पर लाकर मुख्यधारा से जोडऩा है। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी सदस्य तथा बड़ी संख्या में नगर के धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे।









































