श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर हीरापुर समिति ने किया कांवडिय़ों व रामायण मंडली का किया सम्मान
फोटो
पदमेश न्यूज़।बालाघाट।श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर हीरापुर भरवेली में श्रावण मास के पावन अवसर पर विश्व की सबसे ऊंची 205 फीट दिव्य श्री हनुमान जी की प्रतिमा एवं भव्य मंदिर निर्माण के महासंकल्प सिद्धि हेतु 30 जुलाई से प्रारंभ हुई अखंड श्री रामचरितमानस पाठ का समापन 30 अगस्त को किया गया था। इस अवसर पर हवन पूजन कर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर के ट्रस्टी किरणभाई त्रिवेदी सहित समस्त पदाधिकारियों की उपस्थिति में समिति की ओर से अखंड रामायण पाठ में शामिल भजन मंडली एवं महासंकल्प यात्रा किष्ंिकधा गए यात्रियों एवं महासंकल्प कांवड़ यात्रा में शामिल कांवडिय़ों एवं हनुमान जी महाराज की प्रतिमा स्थापना के संकल्प में सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं को सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर राम भोग व भंडारा वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से वैभव कश्यप, बस एसोसिएशन अध्यक्ष मुकेश चौहान, श्याम कौशल, हीरापुर सरपंच श्रीमती दिवान, नरेन्द्र महाराज, अंकित असाटी, अनिल बिसेन, संतोष अर्जुनवार, पवन कश्यप सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन शामिल रहे।
4 माह से विभिन्न कार्यक्रमों के हो रहे आयोजन- किरण भाई
इस संबंध में श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम मंदिर हीरापुर के ट्रस्टी किरण भाई त्रिवेदी ने बताया कि विष्णुधाम हीरापुर में विश्व की सबसे ऊंची 205 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इसके निमित्त गत तीन-चार माह से विभिन्न आयोजन किए जा रहे है। इसमें तपस्वी श्री दादा गुरू का भी श्री सिद्धपीठ विष्णुधाम में आगमन हुआ था। देश की विभिन्न पवित्र नदियों का जल एवं मिट्टी लाई गई है। कोटेश्वर धाम के लिए भव्य कांवड़ यात्रा व एक माह तक श्री अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया। जिसका समापन 30 अगस्त को सुबह 8 बजे हुआ। तत्पश्चात् पूर्णाहूति व हवन पूजन व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि हनुमान जी की विशाल प्रतिमा के लिए भूमिपूजन का कार्य शीघ्र किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि जल्द ही प्रतिमा स्थापित हो। इसके लिए सभी सनातनियों व धर्म प्रेमियों का सहयोग मिल रहा है।
जल्द पूर्ण होगा,प्रतिमा स्थापना का संकल्प- वैभव
वहीं उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए वैभव कश्यप ने कहा कि 205 फीट हनुमान जी महाराज की प्रतिमा स्थापना का संकल्प जल्द पूर्ण होगा। सच्ची आस्था व विश्वास के साथ किए जाने वाला कार्य अवश्य सफल होता है। उन्होंने सभी रामभक्तों से आव्हान किया है कि वे इस संकल्प को पूरा करने में यथा शक्ति सहयोग प्रदान करें।










































