LIC का तोहफा: लॉन्च हुईं ‘बीमा प्लेटिनम’ और ‘जीवन रक्षा’ पॉलिसियां, जानें फायदे

0

LIC News: एलआईसी ने 70वीं वर्षगांठ पर बीमा प्लेटिनम (बचत व सुरक्षा) और जीवन रक्षा (शुद्ध रिस्क कवर) पॉलिसी लॉन्च की हैं। ये नॉन-लिंक्ड प्लान गारंटीड रिटर्न, बूस्टर इनकम और फ्लेक्सिबल प्रीमियम विकल्प देते हैं।LIC News: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) ने अपनी स्थापना की 70वीं वर्षगांठ के अवसर पर दो नई विशेष पॉलिसी ‘बीमा प्लेटिनम’ और ‘जीवन रक्षा’ लॉन्च करने की घोषणा की है। एलआईसी के सीईओ और एमडी आर. दोराईस्वामी द्वारा जारी इन प्लान्स में से एक बचत और सुरक्षा का मिश्रण प्रदान करती है, जबकि दूसरी शुद्ध लाइफ-रिस्क कवरेज (टर्म प्लान) पर केंद्रित है। दोनों ही पॉलिसी नॉन-पार्टिसिपेटिंग और नॉन-लिंक्ड प्लान हैं, जिसका अर्थ है कि इन पर शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

बीमा प्लेटिनम प्लान 770

LIC की बीमा प्लेटिनम एक लिमिटेड-प्रीमियम योजना है, जिसे निवेशकों को वित्तीय सुरक्षा के साथ-साथ बेहतर रिटर्न देने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। इस पॉलिसी की सबसे बड़ी खासियत इसका गारंटीड रिटर्न है। इसमें प्रीमियम भुगतान की अवधि के दौरान प्रति 1,000 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर 70 रुपये का गारंटीड एडिशन (अतिरिक्त लाभ) मिलता है। इस प्लान में पॉलिसीधारकों के लिए एक ‘बूस्टर इनकम बेनिफिट’ भी शामिल किया गया है। प्रीमियम भुगतान की अवधि समाप्त होने के 5 साल बाद अगर पॉलिसीधारक जीवित रहता है, तो उसे बेसिक सम एश्योर्ड (मूल बीमा राशि) का 70% बूस्टर इनकम के रूप में दिया जाएगा। इसके अलावा, पेआउट अवधि (पॉलिसी अवधि में से प्रीमियम अवधि घटाने के बाद का समय) के दौरान हर साल के अंत में मूल बीमा राशि का 10% रेगुलर इनकम बेनिफिट के रूप में मिलेगा।

इस योजना के तहत ग्राहकों को प्रीमियम भुगतान के लिए 7, 10, 12, 15 या 18 साल के विकल्प मिलते हैं। इसमें न्यूनतम बेसिक सम एश्योर्ड 3 लाख रुपये तय किया गया है, जिसे 10,000 रुपये के गुणांक में बढ़ाया जा सकता है। इसमें अधिकतम बीमा राशि की कोई सीमा नहीं है। इस पॉलिसी में प्रवेश की न्यूनतम आयु 30 दिन और अधिकतम आयु 55 वर्ष है, जबकि परिपक्वता (मैच्योरिटी) की अधिकतम आयु 75 वर्ष रखी गई है। एलआईसी के मौजूदा ग्राहकों और नामांकित व्यक्तियों के लिए इसमें विशेष छूट तथा राइडर्स के विकल्प उपलब्ध हैं।जीवन रक्षा प्लान 894

एलआईसी की जीवन रक्षा पॉलिसी मुख्य रूप से एक प्योर-रिस्क लाइफ इंश्योरेंस प्लान है, जो किसी अनहोनी की स्थिति में बीमित व्यक्ति के परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है। इस पॉलिसी के तहत मिलने वाला मृत्यु लाभ (डेथ बेनिफिट) पूरी तरह से फिक्स्ड और गारंटीड होता है। चूंकि यह एक शुद्ध टर्म प्लान की तरह काम करता है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार का बोनस, लाभांश या एलआईसी के मुनाफे में हिस्सेदारी नहीं मिलती है।

इस योजना में प्रवेश की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच रखी गई है और पॉलिसी की अधिकतम मैच्योरिटी सीमा 60 वर्ष है। इस प्लान के तहत ग्राहक 5 लाख रुपये से लेकर 24 लाख रुपये तक का बेसिक सम एश्योर्ड चुन सकते हैं। बीमा राशि को 5 से 7 लाख रुपये के बीच 50,000 रुपये के गुणांक में और 7 लाख रुपये से अधिक होने पर 1 लाख रुपये के गुणांक में बढ़ाया जा सकता है।

ग्राहकों की सुविधा के लिए इसमें सिंगल (एकमुश्त), रेगुलर (नियमित) या लिमिटेड (सीमित) प्रीमियम भुगतान के विकल्प दिए गए हैं। महिलाओं के लिए इस पॉलिसी में विशेष प्रीमियम दरें और उच्च बीमा राशि पर विशेष छूट का प्रावधान किया गया है। साथ ही अतिरिक्त सुरक्षा के लिए ग्राहक इसमें राइडर्स भी जोड़ सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here