Hyundai का बड़ा दांव! जल्द लॉन्च होगी देश में ही बनी दमदार इलेक्ट्रिक SUV

0

Hyundai अपने भारतीय ग्राहकों के लिए स्थानीय स्तर पर विकसित एक नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लाने की योजना पर काम कर रही है।भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच Hyundai Motor India (HMIL) अपनी ईवी रणनीति को मजबूत करने की तैयारी कर रही है। कंपनी जल्द ही भारत में स्थानीय स्तर पर विकसित एक नई इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) पेश करने की योजना बना रही है। खास बात यह है कि नया इलेक्ट्रिक मॉडल विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए तैयार किए गए प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा। फिलहाल Hyundai Motor India के इलेक्ट्रिक व्हीकल पोर्टफोलियो में आयोनिक-5 और क्रेटा इलेक्ट्रिक शामिल हैं।

ईवी ग्राहकों के लिए मजबूत होगा सर्विस नेटवर्क

न्यूज एजेंसी भाषा (पीटीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, Hyundai सिर्फ नया इलेक्ट्रिक व्हीकल पेश करने पर ध्यान नहीं दे रही है, बल्कि इसके साथ बिक्री और सर्विस नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है। कंपनी के मुताबिक, डीलर नेटवर्क के कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री, रखरखाव और मरम्मत से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को ईवी खरीदने के बाद बेहतर और भरोसेमंद सेवा उपलब्ध कराना है।

कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल अनुकूल बिक्री और सेवा नेटवर्क को 820 केंद्रों और 650 वर्कशॉप तक पहुंचाने की योजना बनाई है। यानी आने वाले समय में ग्राहकों को ईवी की सर्विस और मेंटेनेंस के लिए ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं।हजारों कर्मचारियों को मिलेगी ट्रेनिंग

Hyundai ने बताया कि चालू वित्त वर्ष के दौरान 7,000 से अधिक बिक्री कर्मचारियों और 5,000 से ज्यादा सेवा कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री, रखरखाव और मरम्मत के लिए अतिरिक्त प्रशिक्षण दिया जाएगा। कंपनी अब तक 10,000 से अधिक बिक्री कर्मचारियों को ईवी से जुड़ी सेवाओं के लिए प्रशिक्षित कर चुकी है।

चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी निवेश

वर्ल्ड ईवी डे 2026 के अवसर पर Hyundai ने नयी दिल्ली में 120 किलोवाट क्षमता वाला डीसी फास्ट चार्जिंग स्टेशन भी शुरू किया है। कंपनी का कहना है कि चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार, ईवी अनुकूल बिक्री एवं सेवा केंद्र और विशेष बुनियादी ढांचे में निवेश ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने की प्रक्रिया को आसान बनाएगा।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ तरुण गर्ग के मुताबिक, Hyundai का लक्ष्य ग्राहकों के लिए इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के अनुभव को आसान, भरोसेमंद और बेहतर बनाना है। नए स्थानीय इलेक्ट्रिक SUV के साथ कंपनी भारत के तेजी से बढ़ते ईवी बाजार में अपनी स्थिति और मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here