गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे थे दोनों व्यक्ति
एक जिला अस्पताल तो दूसरा निजी अस्पताल में भर्ती
बालाघाट। कटंगी थाना क्षेत्र के तुमसर रोड पर खजरी नाला के समीप रविवार को तेज रफ्तार फोर व्हीलर ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए कटंगी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती किया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बालाघाट रेफर किया गया।घायलों में हंसराज पिता किशनलाल पंचेश्वर 50 वर्ष को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया वहीं त्रिभुवन परिहार 32 वर्ष को नगर की निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हंसराज पंचेश्वर खेती किसानी का कार्य करते हैं। 27 सितंबर को करीब सुबह 10 बजे हंसराज अपने गांव की गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए घर से पैदल निकले थे। इसी दौरान त्रिभुवन परिहार भी उनके साथ हो गए। दोनों गणेश प्रतिमा विसर्जन करने खजरी नाला जा रहे थे। दोनो मोटरसाइकिल में अर्जुननाला से खजरी नाला की ओर जा रहे थे। अन्य ग्रामीण भी गणेश प्रतिमा विसर्जन करने खजरी नाला की ओर पहुंच रहे थे।बताया गया है कि जब दोनों खजरी नाला और अर्जुननाला के बीच तुमसर रोड पर पहुंचे तभी तुमसर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही फोर व्हीलर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार हंसराज पंचेश्वर और त्रिभुवन परिहार मोटरसाइकिल सहित गिरने से घायल हो गए।हादसे के बाद दोनों घायलों को तत्काल कटंगी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए बालाघाट रेफर कर दिया। इसके बाद हंसराज पंचेश्वर को जिला अस्पताल बालाघाट तथा त्रिभुवन परिहार को बालाघाट नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।घटना की सूचना मिलने के बाद कटंगी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और फोर व्हीलर चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।










































