पिकअप बाइक और साइकिल की टक्कर मेंं एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। रामपायली थाना अंतर्गत ग्राम सोनझरा से कस्बीटोला मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम को एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार पिकअप मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपायली निवासी उमेश पिता राजाराम मेश्राम, सौरभ पिता रामप्रसाद शनिश्चरे और कृष्णा पिता विजेंद्र शनिश्चरे उम्र १९ वर्ष मोटरसाइकिल से सोनझरा से रामपायली की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान सोनझरा निवासी भाउदास पिता शिवराम सहारे उम्र ५५ वर्ष भी अपनी साइकिल से उसी दिशा में जा रहे थे। रास्ते में विपरीत दिशा रामपायली से खैरलांजी की ओर जा रही अशोक लीलैंड पिकअप क्रमांक एमपी ५० जेड जे ६९१२ ने मोटरसाइकिल और साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे तीनों वाहनों की आमने सामने से सीधी भिड़ंत हो गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चारों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपायली पहुंचाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद १९ वर्षीय कृष्णा पिता विजेंद्र शनिश्चरे को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल अन्य तीनों लोग उमेश मेश्राम,सौरभ शनिश्चरे और भाउदास सहारे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बालाघाट रिफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रामपायली पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पिकअप वाहन को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।










































