नौनिहालों को सुपे में लिटाकर भगवान गोवर्धन का दिलवाया गया आशीर्वाद
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय लालबर्रा में दीपावली पर्व के उल्लास के बीच परंपरा और आस्था का अनूठा नजारा देखने को मिला। पर्व के छठवें दिन ११ नवंबर को दोपहर १ बजे शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय लालबर्रा के सामने स्थित आखर चौक में पारंपरिक ‘गाय खिलावन’ की रस्म पूरी श्रध्दा और उत्साह के साथ अदा की गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र पारंपरिक गीतों, नगाड़ों की थाप और गोवर्धन महाराज के जयकारों से गूंज उठा। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के तहत अहीर एवं गोवारी समाज के द्वारा स्थानीय पटेल, वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति लालबर्रा के पूर्व अध्यक्ष अनिल ‘बब्बी’ शर्मा, पांढरवानी सरपंच अनीस खान, शिवचरण मात्रे सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों को उनके निवास से आदरपूर्वक गाजे-बाजे के साथ आखर चौक तक लाया गया। जिसके पश्चात चौक पर समस्त ग्रामीण एवं कृषक अपने-अपने चौपाए पशुओं के साथ एकत्रित हुए। यहां विधि-विधान से ‘खिल्या मुठिया देव’ का पूजन-अर्चन किया गया और पारंपरिक नियमों के अनुसार आखर बांधा गया। इस दौरान अहीर और गोवारी समाज के बंधुओं ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत करते हुए विभिन्न व्यंजनों से तैयार भोग गौमाता को अर्पित किया। जिसके पश्चात गाय के बछड़े को खिचड़ी खिलाई गई और उसे सूपे में लिटाकर ‘गाय खिलावन’ की रस्म निभाई गई।
नौनिहालों को सूपे में लिटाकर लिया आशीर्वाद
गाय खिलावन की रस्म पुरी होने के बाद परंपरा का निर्वहन करते हुए ग्राम के छोटे-छोटे नौनिहालों (बच्चों) को उसी सूपे में लिटाया गया और उनके माथे पर गोबर का तिलक लगाकर भगवान गोवर्धन का आशीर्वाद दिलाया गया। वहीं उपस्थितजनों ने भी एक-दूसरे को गोबर का तिलक लगाकर दीपावली की बधाइयां दीं। इसके बाद मवेशियों को सूपे के ऊपर से दौड़ाने की पारंपरिक रस्म पूरी की गई। इस दौरान अहीर और गोवारा बंधुओं द्वारा रूंझा व नगाड़े की धुन पर जमकर नृत्य भी किया गया। चर्चा में यादव समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दीपोत्सव के लक्ष्मी पूजन के दिन से ही देव जगाने और डार बांधने जैसे कार्यक्रम प्रारंभ हो जाते हैं। दीपावली के छठवें दिन आखर चौक लालबर्रा में गाय खिलावन की रस्म अहीर, गोवारा और बिंझवार समाज के स्वजातीय बंधुओं के सहयोग से संपन्न होती है। इस अवसर पर ग्राम के कृषक बंधु अपने-अपने पशुओं को लेकर आखर चौक पहुंचे जहां अहिर, गोवारा, बिंझवार समाज के स्वजातीय बंधु द्वारा खिल्या मुठिया देव की विधि-विधान से पूजा अर्चना कर गाय के बछड़े को खिचड़ी खिलाकर सूपे में लिटाकर गाय खिलावन की रस्म अदा की गई तत्पश्चात नौनिहाल बच्चों को सूपे में लिटाकर गोवर्धन भगवान का आशीर्वाद दिलवाया गया। वहीं वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति लालबर्रा के पूर्व अध्यक्ष, स्थाई पटेल अनिल शर्मा ने गोवर्धन पूजा और इस परंपरा के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इंद्रदेव के कोप से रक्षा करने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी उंगली पर उठाया था। तभी से हिंदू धर्मावलंबी गोवर्धन पूजा और गाय खिलाने की रस्म निभाते आ रहे हैं। इसी कड़ी में लालबर्रा के आखर चौक में यादव समाज द्वारा यह परंपरा श्रध्दापूर्वक निभाई गई। पांढरवानी सरपंच अनीस खान ने सभी क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंडई के अवसर पर लालबर्रा में यह प्राचीन रस्म श्रध्दा के साथ संपन्न हुई, जिसमें सभी ग्रामीणों ने अपने मवेशियों के साथ भाग लिया। उन्होंने ईश्वर से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृध्दि की कामना की।










































