हर्षोल्लास के साथ लालबर्रा नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मनाया गया भाईदूज पर्व
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक पावन पर्व ‘भाई दूज’ बुधवार को धार्मिक आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने विधि-विधान से भाइयों की आरती उतारकर उनका तिलक वंदन किया। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प लिया। इस भाई-बहन के स्नेह का पर्व को लेकर सुबह से ही हिंदू धर्मावलंबियों में खासा उत्साह देखा गया। शुभ मुहूर्त में यमराज और यमुना की पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने थाल सजाकर भाइयों का रोली और अक्षत से तिलक किया। इसके बाद भाइयों का मुंह मीठा करवाकर उनकी लंबी उम्र और उज्जवल भविष्य की कामना की गई। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को आकर्षक उपहार भेंट किये और अपनी बहनों की खुशी के लिए भगवान से प्रार्थना की। भाई-बहन के इस पावन और आत्मीय पर्व पर चारों ओर उल्लास का वातावरण देखने को मिला।
गोबर से बेरी बनाकर की गई पूजा
आपकों बता दे कि हिन्दु धर्मालंबियों में भाई-बहन के स्नेह का पर्व भाईदूज की अलग ही महत्ता रहती है और इस दिन बहने भाई के माथे पर तिलक लगाकर सदैव खुश रहने का आशीर्वाद देती है। साथ ही मुंह मीठा करवाकर उसके दीर्घायु की कामना भी करती है। व्रतधारी महिला एवं बहनों ने बताया कि कार्तिक मास में दीपावली पर्व के तीसरे दिन भाई दूज का पर्व मनाया जाता है किन्तु इस वर्ष दीपावली पर्व के चौथे दिन बुधवार को हर्षोल्लास एवं धार्मिक आस्थाओं के साथ भाईदूज का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर बहनें भाइयों को तिलक लगाकर आरती उतार कर मिठाई खिलाकर भगवान से उनके उज्जवल भविष्य एवं दीर्घायु की कामना करती है। साथ ही यह भी मान्यता है कि जिसकी बहनों की शादी हो चुकी है ऐसे भाई अपनी बहनों के यहां जाकर यह त्यौहार मनाते हैं जिससे उनकी आयु लंबी होती है और यह एक बहुत पुरातन परंपरा है जो चली आ रही है। इस पर्व पर लोग गोबर से गाय, बैल, बेरी बनाकर पूजा अर्चना करते हैं। बेरी बनाकर उसे कुचला जाता है ऐसा करने से यहां मान्यता है कि भाइयों के ऊपर जो भी संकट होता है वह दूर हो जाता है। साथ ही भाई हमेशा खुश रहे, दुश्मनों से उनकी रक्षा हो इसलिए बहने भाईदूज के दिन व्रत रखती है एवं उनकी पूजा करने के बाद व्रत तोड़ती है और भगवान से अपने भाईयों की दीर्घायु की कामना करती है। साथ ही भाई भी अपने बहनों को उपहार भेंट कर उनकी हमेशा रक्षा करने का वचन देते है और यह भाईदूज का पर्व भाई-बहन के स्नेह का पर्व है जिसे सभी बहने हर्षोल्लास के साथ मनाती है।










































