‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है…’ पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का बड़ा ऐलान, महाकाल के जयकारों के साथ इंदौर में मचाया गदर

0

Indore Concert: चार गानों पर रोक को लेकर कॉन्सर्ट से पहले विवादों में घिरे पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने रविवार रात इंदौर के मंच से खुलकर अपनी बात रखी। 45 फीट ऊंचे एलिवेटर से एंट्री करते ही उन्होंने जय श्री महाकाल का उद्घोष किया। फिर अपने अंदाज में कहा- पहले भी नहीं रुका था और आगे भी नहीं रुकूंगा

इंदौर: रविवार रात पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट हुआ। कार्यक्रम में पहुंचते ही उन्होंने जय श्री महाकाल के जयकारे लगाए और अपने अंदाज में दर्शकों का स्वागत किया। चार गानों पर रोक लगाए जाने के मामले को लेकर भी दिलजीत ने मंच से अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पहले भी नहीं रुका था और आगे भी नहीं रुकूंगा।

मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार रात दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट शुरू हुआ, रात करीब 7 बजकर 50 मिनट पर दिलजीत ने 45 फीट ऊंचे एलिवेटर से मंच पर एंट्री की। उन्हें देखते ही दर्शकों ने तालियां बजाकर और जोर-जोर से शोर मचाकर स्वागत किया। मंच पर पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले जय श्री महाकाल का उद्घोष किया। इसके बाद मोरनी गाने के साथ अपनी प्रस्तुति शुरू की।

हमारे मुंह से जो निकलता है वही सदाकत

कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत ने उन चार गानों पर रोक लगाए जाने के मामले में भी खुलकर बात की जिनको लेकर कार्यक्रम से पहले विवाद हुआ था। उन्होंने मंच से कहा कि लोग कहते हैं कि यह नहीं कर सकते वह नहीं कर सकते लेकिन हमारे मुंह से जो निकलता है वही सदाकत है। हमारे मुंह में किसी दूसरे की जुबान नहीं है।

दिलजीत ने कहा अगर ख़िलाफ़ हैं होने दो जान थोड़ी है ये सब धुआँ है कोई आसमान थोड़ी है। मैं जानता हूं दुश्मन भी कम नहीं, लेकिन हमारी तरह हथेली पर जान थोड़ी है। सभी का खून शामिल है यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है।

महाकाल की धरती पर आने से कोई नहीं रोक सकता

दिलजीत दोसांझ ने इंदौर की तारीफ करते हुए कहा कि यह महाकाल की धरती है। यहां आने से हमें कोई नहीं रोक सकता। न तो हम पहले डरे थे और न ही आज डरते हैं। आप लोग भी कहां डरते हैं। आज हम यहां हैं तो इसमें आप सभी का साथ और ताकत है। इसके बाद उन्होंने दर्शकों से दोनों हाथ ऊपर करने को कहा और सभी से जोर से जय श्री महाकाल बोलने की अपील की।

चार गानों को लेकर हुआ था विवाद

दरअसल, इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले इस कॉन्सर्ट से पहले दिलजीत के चार गानों को लेकर विवाद सामने आया था। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल प्रबंधन को पत्र लिखकर इन गानों को कार्यक्रम में शामिल नहीं करने के निर्देश दिए थे।

जिन गानों पर आपत्ति जताई गई थी उनमें ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों अफीम लभिया’ और ‘जट्ट उत्थे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियार दी’ शामिल हैं। इन गानों के बोल में शराब, नशे और हथियारों का जिक्र होने के कारण आपत्ति जताई गई थी।

प्रोफेसर की शिकायत के बाद विभाग ने उठाया था कदम

इस पूरे मामले की शुरुआत चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत के बाद हुई थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की थी कि कॉन्सर्ट में ऐसे गाने नहीं गाए जाएं जिनमें शराब और नशे को बढ़ावा देने वाली बातें हों।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here