महाकाल मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से रील बनाना इंदौर के बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को भारी पड़ गया। मंदिर प्रबंध समिति ने उनके लिए एक साल तक VIP और प्रोटोकॉल दर्शन की सुविधा बंद कर दी है। अब उन्हें भी आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर बाबा महाकाल के दर्शन करने होंगे।
उज्जैन: महाकाल मंदिर में नियमों के उल्लंघन पर अब वीआईपी रसूख भी राहत नहीं दिला सका। इंदौर से बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में रील बनाना भारी पड़ गया है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक साल तक VIP और प्रोटोकॉल दर्शन की सुविधा पर रोक लगा दी है। अब इस अवधि में उन्हें सामान्य श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर भगवान महाकाल के दर्शन करने होंगे।
नीलकंठ द्वार से चांदी द्वार तक बनाया था वीडियो
कुछ दिन पहले रुद्राक्ष शुक्ला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वे महाकाल मंदिर के नीलकंठ द्वार से प्रवेश करते दिखाई दिए थे। वीडियो में उनके लिए ई-कार्ट की व्यवस्था भी नजर आई थी। इसके बाद उन्होंने मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से वीडियो और रील बनाई। यह वीडियो उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया गया था। मंदिर परिसर में मोबाइल से वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद रुद्राक्ष के वीडियो बनाए जाने को लेकर मंदिर की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठे थे।
सुरक्षाकर्मियों पर भी हुई थी कार्रवाई
वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल भी उठा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल से रिकॉर्डिंग के दौरान वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें क्यों नहीं रोका। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर समिति ने पहले संबंधित सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
एक साल तक नहीं मिलेगी VIP दर्शन की सुविधा
मामले के तूल पकड़ने के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने रुद्राक्ष शुक्ला के खिलाफ एक और सख्त कदम उठाया। समिति ने आदेश जारी कर अगले एक साल तक उनके VIP और प्रोटोकॉल दर्शन पर रोक लगा दी है। इस दौरान उन्हें किसी तरह की विशेष प्रवेश सुविधा नहीं मिलेगी।
आम श्रद्धालुओं की तरह लगानी होगी कतार
रुद्राक्ष शुक्ला को अब मंदिर में दर्शन के लिए सामान्य श्रद्धालुओं की कतार में लगना होगा। मंदिर समिति के इस फैसले को प्रतिबंधित क्षेत्र में नियमों के उल्लंघन के मामले में की गई कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। मामले ने एक बार फिर महाकाल मंदिर में मोबाइल से रील बनाने पर लगे प्रतिबंध और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज कर दी है।









































