Jay Shah Reappointed chairman of ICC: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने घोषणा की है कि जय शाह को निर्विरोध रूप से दो साल के दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष के पद पर फिर से नियुक्त किया गया है।
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने सोमवार को घोषणा की कि जय शाह को निर्विरोध रूप से दो साल के दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष के पद पर फिर से नियुक्त किया गया है। इसका उद्देश्य “खेल के लिए एक अहम मोड़ पर निरंतरता बनाए रखना” है।
38 वर्षीय शाह, जो अंतर्राष्ट्रीय संस्था में आने से पहले BCCI सचिव के रूप में काम कर चुके हैं, ने दिसंबर 2024 में पदभार संभाला था। रविवार को संपन्न हुई ICC बोर्ड की बैठकों के दौरान उन्हें फिर से नियुक्त किया गया।
ICC ने कहा, “यह फैसला शाह के नेतृत्व में बोर्ड के भरोसे को दर्शाता है। इससे खेल के लिए एक अहम मोड़ पर निरंतरता बनी रहेगी, जिसमें वैश्विक विस्तार, प्रशंसकों की संख्या में वृद्धि और व्यावसायिक विकास इसके रणनीतिक रोडमैप के मुख्य हिस्से हैं।” क्रिकेट 2028 के लॉस एंजिल्स खेलों के जरिए ओलंपिक में वापसी की भी तैयारी कर रहा है।
ICC की एक प्रेस विज्ञप्ति में शाह ने कहा, “ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। मैं सभी निदेशकों का उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए तहे दिल से आभारी हूं।”
उन्होंने आगे कहा, “ICC के अध्यक्ष के रूप में काम करना एक सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए अपने सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।”
आईसीसी ने एक दिन पहले ही जारी किया बड़े टूर्नामेंट का कार्यक्रम
आईसीसी ने रविवार को 2035 तक होने वाले मुख्य पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की ‘विंडो’ को मंजूरी दे दी जिसके तहत भारत नौ से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा जबकि 2031 में नौ अक्टूबर से 23 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेगा। हालांकि 2031 के बाद होने वाले टूर्नामेंट के मेजबान देशों की घोषणा नहीं की गई है लेकिन उनके आयोजन की तारीखें सार्वजनिक कर दी गई हैं।आईसीसी का यह निर्धारित कार्यक्रम 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप से शुरू होकर 2035 में होने वाले वनडे विश्व कप तक जारी रहेगा।









































