जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया आंवला नवमी पर्व

0

आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर सौभाग्यवती महिलाओं ने मांगी मन्नते
सुबह से लेकर देर शाम तक चलता रहा पूजा-अर्चना का दौर
जगह-जगह विभिन्न कार्यक्रमों के हुए आयोजन
फोटो
पदमेश न्यूज।बालाघाट।प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी जिला मुख्यालय सहित अन्य तहसील व ग्रामीण अंचलो में आंवला नवमी का पर्व हर्षोल्लास और पूर्ण विधि विधान के साथ मनाया गया।जहां सौभाग्यवती महिलाओ ने परिवार की सुख, समृद्धि, निरोगी जीवन, धन्य लाभ की मंगल कामनाओं के साथ-साथ पति व सन्तानो की दीघार्यु के लिए आंवला वृक्ष की पूजा अर्चना की ।जिसका एक नजारा बुधवार को नगर के शंकर घाट, बजरंग घाट, श्री राम मंदिर सहित अन्य स्थानों पर देखने को मिला।जहां आंवला वृक्ष के नीचे महिलाओं द्वारा विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर आंवला नवमी का पर्व मनाया गया।इस दौरान कई महिलाएं अपने परिवार के साथ पिकनिक मनाते नजर आई, तो वहीं कई महिला समूह ने सामूहिक तौर पर पूजा अर्चना कर, भजन कीर्तन, महा आरती सहित अन्य कार्यक्रमों में भाग लिया।पूजा अर्चना का यह दौर बुधवार सुबह से देर शाम तक देखा गया वहीं विभिन्न स्थानों देर शाम तक लोगों की भारी भीड़ नजर आई।

आंवला वृक्ष को भेंट की गई विभिन्न सामग्री
कार्तिक मास शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि को मनाए जाने वाले इस आंवला नवमी पर्व पर बुधवार को सूर्योदय से पूर्व स्नान करके सौभाग्यवती महिलाओ द्वारा आंवले के पेड़ की जड़ में दूध, रोली, अक्षत, फूल, गंध चढ़ाया गया। फिर आंवले के पेड़ की कम से कम 07 बार, व 11 बार और अधिक से अधिक 108 बार परिक्रमा कर दीये जलाएं। इसके बाद महिलाओ ने आंवला वृक्ष के नीचे कथा का वचन कर आंवले के पेड़ का पूजन किया। वही आंवला वृक्ष को सोलह सिंगार की सामग्री अर्पित कर विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाकर आंवला वृक्ष के समीप मां गौरी की आरती की, वही उसी वृक्ष के नीचे बैठकर सह परिवार भोजन ग्रहण किया। इस दौरान कई सौभाग्यवती महिलाएं अपने पति और पुत्र की दीर्घायु सहित परिवार के लिए आरोग्यता और सुख सौभाग्य की मंगल कामनाए करती हुई नजर आई।

आंवला के पेड़ पर होता है देवताओं का वास
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के पेड़ में देवताओं का वास होता है जिसमें भगवान विष्णु और भगवान शिव आंवले के वृक्ष में वास करते हैं इसके चलते आंवला नवमी पर आंवले के वृक्ष की पूजा की जाती है।यह प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का पर्व है। इस दिन आंवले के पेड़ का पूजन कर परिवार के लिए आरोग्यता और सुख-सौभाग्य की कामना की जाती है। मान्यता के अनुसार, इस दिन किया गया तप, जप, दान इत्यादि व्यक्ति को सभी प्रकार के कष्टों से मुक्त करता है। आंवले के पेड़ की पूजा करने का एक कारण यह भी है कि आंवला स्वास्थ्य के लिए बहुत गुणकारी होता है। विभिन्न रूपों में इसका सेवन बीमारियों को दूर करता है।

आंवला वृक्ष की परिक्रमा कर मांगी गई मन्नते
आंवला नवमी पर्व के दौरान शंकर घाट में आंवला वृक्ष की पूजा कर रही महिलाओ ने सामुहिक तौर पर बताया कि यह पर्व पति और संतान की दीर्घायु के लिए मनाया जाता है जिसमें परिवार की सुख समृद्धि के लिए मंगल कामनाएं की जाती हैं इस पर्व के लिए सुबह स्नान, ध्यान कर भगवान की पूजा अर्चना की गई है।यहां भगवान विष्णु की विशेष पूजा की गई है।तरह-तरह के पकवान मीठी बर्फी गुलाब जामुन सब्जी पुड़ी आदि का भोग चढ़ाया गया है।वही श्रृंगार का सामान जैसे टिकली बिंदी सिंदूर कुकु चूड़ी चावल हल्दी सहित अन्य सामग्रियां अर्पित की गई है।वहीं आंवला वृक्ष की 108 बार परिक्रमा कर मन्नतें मांगी गई है।

परिवार की सुख समृद्धि के लिए की गई आंवला वृक्ष की पूजा- प्रभावती बाई
आंवला नवमी पर शंकर घाट में आंवला वृक्ष की पूजा अर्चना कर रही श्रीमती प्रभावती बाई सहित अन्य महिलाओं ने सँयुक्त रूप से बताया कि आंवला नवमी की पूजा सुख समृद्धि और पति पुत्र की दीर्घायु के लिए की जाती है जहां आंवला वृक्ष पर सोलह श्रृंगार की वस्तुएं चढ़ाई जाती है तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाकर वृक्ष की कम से कम 7 और11 बार परिक्रमा की जाती है वही लक्ष्मी नारायण भगवान की पूजा होती है उन्होंने बताया कि आंवला वृक्ष के नीचे सह परिवार सहित भोजन करने का भी विशेष प्रावधान है सभी सौभाग्यवती महिलाएं मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here