Budhni Triple Murder: सीहोर जिले के बुधनी में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई है। वार्ड नंबर 12 में घर के अंदर पति राकेश मीणा, उनकी पत्नी और बेटे के शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में सिर पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि मंगलवार रात इस वारदात को अंजाम दिया गया।सीहोर: जिले के बुधनी नगर से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधनी के वार्ड नंबर 12 में अज्ञात बदमाशों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी। घर के अंदर पति, पत्नी और उनके बेटे के शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है। इस सनसनीखेज वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
अंधेरे में दिया खौफनाक वारदात को अंजाम
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। परिवार के तीनों सदस्य अपने घर में सो रहे थे, तभी किसी वक्त अज्ञात हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया। बुधवार सुबह जब घर के अंदर तीन लोगों के शव होने की भनक आसपास के लोगों को लगी, तो देखते ही देखते घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। इस तिहरे हत्याकांड के बाद से पूरे नगर में भय और आक्रोश का मिला-जुला माहौल देखा जा रहा है।
जांच में जुटी पुलिस, सबूत तलाश रही
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। एसडीओपी रवि शर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में राकेश मीणा, उनका बेटा अश्विन और उनकी पत्नी शामिल हैं। शुरुआती जांच में उनके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि चूंकि इस समय उनके अन्य परिजन मौके पर मौजूद नहीं हैं, इसलिए विस्तृत जानकारी और रंजिश के कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।










































