सिंहस्थ-2028 से पहले प्रस्तावित उज्जैन एयरपोर्ट की पर्यावरण मंजूरी फिलहाल टल गई है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की कमेटी ने 30 अक्टूबर की बैठक के मिनट्स जारी कर 7 बिंदुओं पर जवाब मांगा है, जिसमें संरक्षित काले हिरण, 290 पेड़ों की कटाई और इंदौर एयरपोर्ट से दूरी जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उज्जैन: सिंहस्थ-2028 से पहले उज्जैन एयरपोर्ट शुरू करने की योजना को केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय की एक्सपर्ट अप्रेजल कमेटी ने फिलहाल रोक दिया है। 30 अक्टूबर को हुई बैठक के 11 नवंबर को जारी मिनट्स के अनुसार, कमेटी ने प्रस्ताव को मंजूरी देने के बजाय 7 बिंदुओं पर स्पष्टीकरण और रिपोर्ट तलब की है।
काले हिरण और 290 पेड़ों के कटने की छुपाई बात
दताना-मताना हवाई पट्टी को मध्य प्रदेश के 10वें एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है। पर्यावरण मंजूरी के लिए एएआई और कंसल्टेंट एबीसी टेक्नो लैब्स की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि साइट के 10 किलोमीटर के दायरे में कोई ‘शेड्यूल-1’ संरक्षित वन्यजीव नहीं है, जबकि उज्जैन डीएफओ की रिपोर्ट ने इलाके में शेड्यूल-1 श्रेणी के काले हिरण की मौजूदगी बताई। इसी तरह पेड़ों की कटाई न होने के दावे के विपरीत करीब 290 पेड़ कटने की बात सामने आई, जिस पर न तो ट्री सर्वे रिपोर्ट पेश की गई और न ही 1:10 के अनुपात में 2900 पौधे लगाने की जमीन व बजट का प्रस्ताव रखा गया।
इंदौर से 65 किमी की दूरी पर भी सवाल
कमेटी ने इंदौर एयरपोर्ट से उज्जैन की महज 65 किलोमीटर की दूरी के संदर्भ में दो एयरपोर्ट के बीच न्यूनतम दूरी की गाइडलाइन के पालन को लेकर भी सवाल उठाया, जिसका स्पष्ट जवाब एएआई के पास नहीं था। इसके अलावा पर्यटन का स्थानीय जलस्रोतों पर संभावित असर, वन्यजीव संरक्षण योजना और पेड़ों के सर्वे से जुड़े बिंदुओं पर भी विस्तृत जवाब मांगा गया है।
एएआई ने कहा- दस्तावेजों की कमी दूर करेंगे
एयरपोर्ट अथॉरिटी के उज्जैन महाप्रबंधक एके गोस्वामी ने इसे खारिज करने के बजाय प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उनका कहना है कि दस्तावेजों में रह गई कमियों को पूरा करके दोबारा प्रस्ताव कमेटी के सामने रखा जाएगा।
अब आगे किन बिंदुओं पर काम होगा
- वन विभाग के साथ मिलकर विस्तृत सर्वे और काले हिरण व अन्य वन्यजीवों के संरक्षण की ठोस योजना तैयार करनी होगी।
- कटने वाले 290 पेड़ों का औपचारिक सर्वे और 1:10 अनुपात के हिसाब से 2900 नए पौधे लगाने के लिए भूमि व बजट का प्रावधान देना होगा।
- पर्यटन बढ़ने से जलस्रोतों पर असर और इंदौर एयरपोर्ट से 65 किमी की दूरी से जुड़े नियम-पालन पर कमेटी को संतुष्ट करना होगा।
ऐसा कुछ नहीं है। अभी टाल नहीं दिया है, यह एक प्रक्रिया चल रही है। क्षेत्रवार दस्तावेजों में कई बार कमियां रह जाती हैं। उन्हें पूरा करना होता है। हम उन कमियों को पूरा करके दोबारा प्रस्ताव बनाकर कमेटी को भेजेंगे










































