बीजेपी सांसद और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस नए नारे की पृष्ठभूमि बताते हुए हमसे खास बातचीत में कहा कि मथुरा और ब्रज क्षेत्र में लोग एक-दूसरे का अभिवादन ‘राधे-राधे’ कहकर करते हैं। यह यहां की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है
UP Election 2027 : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी सियासी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। मथुरा में दो दिनों तक चले पार्टी के महामंथन के बाद अब ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को चुनावी अभियान से जोड़ने की तैयारी है। इसी कड़ी में बीजेपी ने नया नारा दिया है- ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’। इस नारे के जरिए पार्टी ने ब्रज की आस्था को अपने चुनाव चिह्न कमल के साथ जोड़ने की कोशिश की है। दो दिवसीय महामंथन के बाद बीजेपी का ब्रज पर खास जोर है। ‘अबकी बारी बांके बिहारी’ और ‘जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’ जैसे नारों से चुनावी माहौल बनाने की तैयारी है।
‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया
बीजेपी सांसद और ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस नए नारे की पृष्ठभूमि बताते हुए हमसे खास बातचीत में कहा कि मथुरा और ब्रज क्षेत्र में लोग एक-दूसरे का अभिवादन ‘राधे-राधे’ कहकर करते हैं। यह यहां की संस्कृति और परंपरा का हिस्सा है। इसी स्थानीय पहचान को पार्टी के चुनाव चिह्न के साथ जोड़कर ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया गया है।
…तो भाजपा ही मंदिर बनवाएगी
प्रकाश पाल ने बातचीत में श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर भी बड़ा राजनीतिक दावा किया। उन्होंने कहा, ‘पूरे देश के सनातनियों की इच्छा थी कि अयोध्या, काशी और मथुरा में मंदिर बने। काशी और अयोध्या में मंदिर बन गया है, लेकिन मथुरा बाकी है। मथुरा में भव्य मंदिर बनना है और अगर तीसरी बार सरकार बनती है तो बीजेपी ही मंदिर बनवाएगी।’ प्रकाश पाल के इस बयान से साफ है कि बीजेपी विधानसभा चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं। हालांकि, मथुरा में मंदिर निर्माण को लेकर उनका यह बयान पार्टी नेता का राजनीतिक दावा है।
‘जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’
प्रकाश पाल ने बातचीत में बीजेपी के दो अन्य नारों का भी जिक्र किया। इनमें ‘अबकी बारी बांके बिहारी’ और ‘जो हमारे श्याम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’ शामिल हैं। इन नारों के जरिए पार्टी ब्रज की धार्मिक आस्था और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति लोगों के भावनात्मक जुड़ाव को राजनीतिक संदेश में बदलने की कोशिश कर रही है। ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के साथ इन नारों को भी चुनावी अभियान में इस्तेमाल किए जाने की तैयारी है।










































